चलती स्कूल वैन से सड़क पर गिरा मासूम, CCTV में कैद हुई लापरवाही
खुर्सीपार के फॉरबेल्स स्कूल की वैन से घर लौटते समय हुआ हादसा, पीछे भारी वाहन नहीं होने और कार की धीमी रफ्तार से बची बच्चे की जान।
भिलाई के नंदिनी रोड पर चलती स्कूल वैन से एक मासूम छात्र के सड़क पर गिरने की घटना सामने आई है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। राहत की बात यह रही कि पीछे कोई तेज रफ्तार वाहन नहीं था, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्कूल वैन की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं।
भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के नंदिनी रोड पर चलती स्कूल वैन से एक मासूम छात्र के सड़क पर गिर जाने की घटना सामने आई है। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। गनीमत रही कि जिस समय बच्चा सड़क पर गिरा, उसके पीछे कोई तेज रफ्तार भारी वाहन नहीं था। पीछे आ रही कार भी धीमी गति से चल रही थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, घटना 8 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। खुर्सीपार स्थित फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकली थी। कुछ दूरी पहले ही चालक ने एक बच्चे को उतारा और फिर वाहन आगे बढ़ा। करीब 10 मीटर आगे बढ़ते ही वैन की रफ्तार बढ़ी, तभी पीछे बैठे एक मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर गिर पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बच्चा सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रही कार के चालक ने तुरंत वाहन की रफ्तार कम कर दी। सड़क पर भारी वाहन नहीं होने के कारण बच्चे की जान बच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चे की मदद की और उसे सुरक्षित सड़क से हटाया।
घटना के बाद स्कूल वैन की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वैन का दरवाजा ठीक से बंद नहीं था या सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित पक्ष से पूछताछ की जा रही है। पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं।
suntimes 