11 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट में चोरी का लोहा:दुर्ग एसपी से की गई शिकायत, भिलाई स्टील प्लांट से चुराकर किया गया इस्तेमाल

दुर्ग एसपी को दी शिकायत में बताया गया है कि बीएसपी के अधिकारियों से मिलीभगत करके एसपीएस कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग वर्क्स ने सिविल वर्क में लगने वाला लोहा बीएसपी से ही चोरी करके लगाया है। उसके जरिए मात्र 10 प्रतिशत लोहा बिल में खरीदा गया है।

11 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट में चोरी का लोहा:दुर्ग एसपी से की गई शिकायत, भिलाई स्टील प्लांट से चुराकर किया गया इस्तेमाल

भिलाई. छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट के अंदर चल रहे 11 हजार करोड़ के सिविल वर्क में चोरी का लोहा लगाने की शिकायत हुई है। दुर्ग एसपी को दी शिकायत में बताया गया है कि बीएसपी के अधिकारियों से मिलीभगत करके एसपीएस कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग वर्क्स ने सिविल वर्क में लगने वाला लोहा बीएसपी से ही चोरी करके लगाया है। उसके जरिए मात्र 10 प्रतिशत लोहा बिल में खरीदा गया है।

शिकायतकर्ता संजय सिंह वैशाली नगर भिलाई का रहने वाला है। उन्होंने भास्कर से विशेष बातचीत में बताया कि उसने एसपीएस कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग वर्क्स में साल 2017 से लेकर फरवरी 2023 तक काम किया है। भिलाई स्टील प्लांट ने ईपीआईएल कंपनी को साल 2012 में 11 हजार करोड़ का सिविल वर्क्स का काम दिया था। ईपीआईएल ने इस टेंडर में सिविल वर्क्स का काम कोहका भिलाई की कंपनी एसपीएस कंस्ट्रक्शन एंड इंजीनियरिंग वर्क्स को दिया।

संजय सिंह का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान कंपनी के अधिकारियों ने बीएसपी के अधिकारियों से मिली भगत करके प्लांट के अंदर से ही लोहा चोरी किया और उसी से फाउंडेशन वर्क और अन्य सिविल वर्क किया। कंपनी और बीएसपी की चोरी पकड़ी न जाए। इसके लिए कंपनी के डायरेक्टर मनोज सोनी 10 प्रतिशत लोहा बाहर से खरीदते थे। संजय सिंह का दावा है कि अगर इस मामले की सही से जांच होगी तो बड़ा भ्रष्टाचार उजागर होगा। इस बारे में जानकारी लेने के लिए जब मनोज सोनी को फोन लगाया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

बीएसपी का विजिलेंस डिपार्टमेंट कर रहा है जांच
बीएसपी से मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले की शिकायत उनके सतर्कता विभाग में भी की गई है। विजिलेंस की टीम मामले की जांच कर रही है। दुर्ग एसपी से शिकायत होने के बाद उन्होंने भी जांच के निर्देश दिए हैं।

8 बिंदुओं में की गई है शिकायत
संजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग शलभ सिन्हा से 8 बिंदुओं में शिकायत की है। इसमें जिम्मेदार कंपनी के जरिए किए गए कई बड़े गैर कानूनी कार्यों और अन्य भ्रष्टाचार की शिकायत है। संजय सिंह का कहना है कि उनके पास शिकायत से जुड़े सभी सबूत हैं। जांच के दौरान वो पुलिस और सतर्कता विभाग को इसे सौंपेंगे।