पारिवारिक तनाव से टूटे निगम कर्मचारी ने ओवरब्रिज से लगाई छलांग, जान बची पर पैर टूटा

धमधा नाका रेलवे ओवरब्रिज की घटना, घायल युवक ने परिजनों और रिश्तेदारों पर प्रताड़ना के लगाए आरोप

पारिवारिक तनाव से टूटे निगम कर्मचारी ने ओवरब्रिज से लगाई छलांग, जान बची पर पैर टूटा

पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों के बीच भिलाई नगर निगम के एक कर्मचारी ने आत्महत्या की कोशिश की। दुर्ग-भिलाई के धमधा नाका रेलवे ओवरब्रिज से 20 फीट नीचे छलांग लगाने वाले युवक की जान तो बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद युवक के बयान और पत्नी के दावों में विरोधाभास भी सामने आया है।

दुर्ग-भिलाई।भिलाई नगर निगम में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी ने मंगलवार शाम आत्महत्या का प्रयास किया। जानकारी के मुताबिक युवक काफी देर तक धमधा नाका रेलवे ओवरब्रिज पर इधर-उधर घूमता रहा और फिर अचानक नीचे रेलवे पटरी पर कूद गया। करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण युवक का पैर टूट गया, हालांकि गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक से बातचीत की, तो वह भावुक हो गया और फूट-फूटकर रोने लगा।

घायल ने लगाए गंभीर आरोप

घायल युवक की पहचान भानुप्रताप देशमुख (30) के रूप में हुई है, जो जेवर सिरसा, वार्ड नंबर 13 का निवासी है और भिलाई नगर निगम में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है।

भानुप्रताप ने आरोप लगाया कि उसके घर वाले उसे बार-बार मेंटल कहकर चिढ़ाते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। इसी मानसिक दबाव के कारण वह आत्महत्या करने ओवरब्रिज तक पहुंचा।

मामा के लड़कों पर गुंडे भेजने का आरोप

घायल अवस्था में दिए बयान में भानुप्रताप ने कहा कि उसके मामा के लड़के उसे डराने के लिए गुंडे भेजते थे। वे उस पर अवैध रूप से गन रखने का आरोप लगाते थे, जबकि उसके पास कोई हथियार नहीं था। उसने बताया कि वह केवल चिड़िया भगाने वाला उपकरण रखता था।

भानुप्रताप का कहना है कि उसे दोबारा गुंडों से पिटवाने की धमकी दी गई थी, जिससे वह पूरी तरह टूट गया और मरने का फैसला कर बैठा।

इलाज जारी, मामला जीआरपी के अधीन

ओवरब्रिज से गिरने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार यह मामला जीआरपी दुर्ग थाना क्षेत्र का है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पत्नी का दावा— घर में कोई विवाद नहीं

मामले में नया मोड़ तब आया जब भानुप्रताप की पत्नी ने आरोपों से इनकार किया। पत्नी का कहना है कि उसका पति अचानक घर से निकल गया था, बाद में उन्हें इस घटना की जानकारी मिली।

पत्नी के अनुसार घर में किसी तरह का विवाद या तनाव नहीं था, न ही कोई उसे कुछ कहता था। हालांकि घटना के बाद देर शाम तक वह अस्पताल नहीं पहुंच सकी थी।