कीमती धातुओं में ऐतिहासिक उछाल, सोना ₹1.75 लाख और चांदी ₹3.80 लाख के करीब
चार कारोबारी दिनों में सोना ₹21 हजार और चांदी ₹62 हजार महंगी, दोनों ने बनाया नया रिकॉर्ड
नई दिल्ली (ए)। देश के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, 24 कैरेट सोना गुरुवार को 10 ग्राम के लिए ₹1,76,121 पर खुला और कारोबार के अंत में ₹10,705 की बढ़त के साथ ₹1,75,340 पर बंद हुआ। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
एक दिन पहले सोने का भाव ₹1,64,635 प्रति 10 ग्राम था। बीते चार कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत कुल ₹21,030 बढ़ चुकी है। 23 जनवरी को सोना ₹1,54,310 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
चांदी में भी रिकॉर्ड तेजी
चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। गुरुवार को एक किलो चांदी ₹21,721 महंगी होकर ₹3,79,988 प्रति किलो पर पहुंच गई। पिछले चार कारोबारी दिनों में चांदी की कीमतों में कुल ₹62,283 की बढ़ोतरी हो चुकी है।
इससे पहले शुक्रवार को चांदी ₹3,17,705 प्रति किलो के स्तर पर थी। लगातार बढ़ते दामों के चलते चांदी भी अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है।
29 दिनों में बड़ी छलांग
जनवरी महीने के केवल 29 दिनों में ही सोना ₹42,145 महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर 2025 को 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,33,195 प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर ₹1,75,340 हो गया है।
वहीं, चांदी की कीमतों में इसी अवधि के दौरान ₹1,49,568 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल के अंत में चांदी ₹2,30,420 प्रति किलो थी, जो अब लगभग ₹3.80 लाख के स्तर पर पहुंच चुकी है।
शहरों में अलग-अलग क्यों होते हैं दाम
बुलियन एसोसिएशन द्वारा जारी की जाने वाली कीमतों में 3 प्रतिशत जीएसटी, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स का मार्जिन शामिल नहीं होता। इसी कारण अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के खुदरा दाम भिन्न होते हैं। इन दरों का उपयोग रिजर्व बैंक द्वारा सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के मूल्य निर्धारण और बैंकों द्वारा गोल्ड लोन की गणना में किया जाता है।
suntimes 