सोशल मीडिया विवाद ने ली महिला की जान, दुर्ग में दो बच्चों की मां ने की आत्महत्या

रील बनाने को लेकर पति-पत्नी में लंबे समय से चल रहा था तनाव, छावनी क्षेत्र की घटना

सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और पारिवारिक तनाव का एक दर्दनाक मामला दुर्ग जिले से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने एक महिला की जान ले ली। घटना भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई छावनी क्षेत्र में रहने वाली 02 बच्चों की मां ने कथित तौर पर पारिवारिक कलह से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अंजलि साव के रूप में हुई है, जो अपने पति पप्पू साव और दो बच्चों के साथ छावनी इलाके में रहती थी।

जानकारी के अनुसार अंजलि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थी और नियमित रूप से रील व वीडियो बनाती थी। हालांकि, उसका यह शौक उसके पति पप्पू साव को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। परिजनों और मोहल्ले वालों के अनुसार पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।

बताया जा रहा है कि पप्पू साव, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है, अंजलि को इंस्टाग्राम अकाउंट हटाने और रील बनाने से मना करता था। इसी मुद्दे को लेकर कई बार झगड़े और मारपीट की स्थिति भी बनी। घटना वाले दिन सुबह पप्पू साव अपने काम पर चला गया, जबकि बच्चे ट्यूशन के लिए घर से बाहर थे।

जब बच्चे घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां को फंदे पर लटका हुआ देखा। इसके बाद बच्चों ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोगों ने छावनी पुलिस को घटना से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका के पति पप्पू साव से पूछताछ की जा रही है, वहीं पड़ोसियों और परिचितों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।