दुर्ग पुलिस का सराहनीय अभियान, 202 गुम मोबाइल ढूंढकर असली मालिकों को सौंपे
करीब 60 लाख रुपये कीमत के मोबाइल साइबर सेल व सर्विलांस टीम की मेहनत से हुए बरामद, कई जिलों और राज्यों तक चला सर्च ऑपरेशन
मोबाइल खोने के बाद उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर उस वक्त खुशी लौट आई, जब दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 202 गुमशुदा मोबाइल फोन खोज निकाले और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
दुर्ग। दुर्ग जिले में पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। लगातार तकनीकी निगरानी और समन्वित प्रयासों के जरिए पुलिस ने 202 खोए हुए मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए, जिन्हें बाद में उनके असली मालिकों को सौंपा गया।
सोमवार को सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल ने मोबाइल मालिकों को उनके फोन लौटाए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि जिन मोबाइल फोन की जानकारी सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर पंजीकृत कराई गई थी, उन्हें पुलिस टीम ने प्राथमिकता के आधार पर लगातार ट्रेस किया। तकनीकी जांच और लोकेशन के माध्यम से ये मोबाइल छत्तीसगढ़ के लगभग सभी जिलों से बरामद किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक मोबाइल बेमेतरा, बालोद और कांकेर जिलों से मिले हैं। इसके अलावा कुछ मोबाइल अन्य राज्यों से भी खोजकर वापस लाए गए हैं।
एसएसपी ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में बिना देर किए सीईआईआर पोर्टल पर पंजीकरण कराएं और नजदीकी थाना पहुंचकर ओटीपी नंबर सहित आवश्यक जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं। इससे मोबाइल को ट्रैक करने और बरामद करने में पुलिस को काफी मदद मिलती है। पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। दुर्ग पुलिस का यह अभियान न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि आम लोगों के भरोसे को भी मजबूत करता है।
suntimes 