अवैध निर्माण हटाने गई टीम पर हमला, निगम की गाड़ी तोड़ी

नेहरू नगर में अवैध निर्माण हटाने पहुंची नगर निगम टीम पर पांच लोगों ने हमला किया, जोन आयुक्त के सरकारी वाहन का कांच फोड़ा—छह महीने में सात नोटिस देने के बाद की गई थी कार्रवाई

भिलाई नगर निगम की अवैध निर्माण विरोधी कार्रवाई के दौरान नेहरू नगर में बड़ा हंगामा हो गया। कब्जाधारियों ने निगम टीम पर हमला कर दिया और जोन आयुक्त के सरकारी वाहन के सामने का कांच तोड़ दिया। लगातार नोटिस देने के बावजूद निर्माण नहीं रोकने पर निगम की टीम मौके पर कार्रवाई करने पहुंची थी।

भिलाई। भिलाई के नेहरू नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई उस समय बवाल में बदल गई, जब कब्जाधारी पक्ष ने अचानक निगम अधिकारियों पर हमला कर दिया। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत के सरकारी वाहन सीजी 07 एएल 5334 का कांच तोड़ दिया गया। घटना के बाद निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार जोन-1 कार्यालय को शिकायत मिली थी कि पुष्पा तिवारी, पति राधेश्याम तिवारी, द्वारा 49/12 नेहरू नगर में बिना भवन अनुज्ञा के अवैध निर्माण किया जा रहा है। पिछले छह महीनों में निर्माणकर्ता को कुल सात बार नोटिस जारी किए गए—एक बार भवन अनुज्ञा विभाग से और छह बार जोन कार्यालय से। हर नोटिस में अवैध निर्माण रोकने और अनुमोदन लेकर ही आगे काम करने की चेतावनी दी गई, लेकिन कब्जाधारी पक्ष ने नियमों की अनदेखी जारी रखी।

सोमवार को जब निगम की तोड़ दस्ता टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू की, तभी वहां मौजूद करीब पांच लोगों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया। ड्राइवर के बैठे होने के बावजूद सरकारी वाहन के सामने का शीशा तोड़ दिया गया। निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ तीन पुलिस जवान भी मौजूद थे, लेकिन घटना इतनी तेजी से हुई कि वे भी हमलावरों को रोक नहीं पाए।

हंगामे के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और जोन आयुक्त द्वारा सुपेला थाने में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद जोन 1 के कर्मचारियों में भय और नाराजगी दोनों है।

जोन आयुक्त अजय राजपूत ने कहा—

“छह महीनों से लगातार समझाइश और नोटिस दिए गए थे। फिर भी निर्माण नहीं रोका गया। कार्रवाई के दौरान अनु मिश्रा सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज कर सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की। ऐसी स्थिति में अधिकारी काम कैसे करेंगे?”