भिलाई में छत्तीसगढ़ का पहला आत्मनिर्भर महिला सम्मेलन, स्वदेशी से सशक्त भारत का लिया संकल्प

भाजपा के आत्मनिर्भर संकल्प अभियान के तहत आयोजन, महिला मोर्चा ने दिखाई प्रदेश को राह

भिलाई में छत्तीसगढ़ का पहला आत्मनिर्भर महिला सम्मेलन, स्वदेशी से सशक्त भारत का लिया संकल्प

भिलाई। देश को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे आत्मनिर्भर संकल्प अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ का पहला आत्मनिर्भर महिला सम्मेलन भिलाई में आयोजित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं को स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

भिलाई जिला महिला मोर्चा द्वारा भाजपा कार्यालय में आयोजित इस सम्मेलन में दुर्ग सांसद विजय बघेल, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पांडेय एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की नींव स्वदेशी के उपयोग से मजबूत होगी। महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि घर-परिवार से लेकर समाज तक, आत्मनिर्भरता का संदेश पहुंचाने में महिलाएं अहम भूमिका निभा सकती हैं।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की शुरुआत घर से होती है। उन्होंने कहा कि रसोई से लेकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं तक यदि स्वदेशी को अपनाया जाए, तो इसका व्यापक प्रभाव पूरे देश पर पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाएं इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करेंगी।

प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर संकल्प अभियान केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक जनआंदोलन है।

गौरतलब है कि आत्मनिर्भर भारत के तहत देशभर में संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। भिलाई जिला भाजपा में विधानसभा स्तरीय सम्मेलन के बाद युवा सम्मेलन एवं महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें महिला मोर्चा की सक्रिय भूमिका के चलते भिलाई जिला प्रदेश स्तर पर अग्रणी बनकर उभरा है।