IPL 2026 से पहले KKR को लगा बड़ा झटका, टूर्नामेंट से बाहर हुआ तूफानी गेंदबाज!
आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हर्षित राणा चोट की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं, जबकि टीम के एक और गेंदबाज मटिशा पथिराना भी फिटनेस से जूझ रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने से पहले जिस गेंदबाज की वजह से भारतीय टीम को झटका लगा था, वही अब केकेआर की परेशानी भी बढ़ा सकता है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। उससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। चोट की वजह से हर्षित राणा का पूरे टूर्नामेंट से बाहर होना तय माना जा रहा है। हर्षित राणा केकेआर के गेंदबाजी आक्रमण के अहम सदस्य हैं। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट को ढूंढना फ्रेंचाइजी के लिए आसान काम नहीं रहने वाला है।
आपको बता दें कि केकेआर को अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ करनी है। आपको बता दें कि हर्षित राणा को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की 15 सदस्यीय टीम में भी शामिल किया गया था। हालांकि टूर्नामेंट से पहले खेले गए वार्म-अप मैच में वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ चोटिल हो गए थे, जिसकी वजह से उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। अब तक वह अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। ऐसे में हर्षित राणा का पूरे आईपीएल 2026 से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है।
रिप्लेसमेंट का अब तक ऐलान नहीं
आपको बता दें कि इससे पहले केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को नीलामी में खरीदा था, लेकिन उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह जिंबॉब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को टीम में शामिल कर लिया गया है। हालांकि हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट का अब तक ऐलान नहीं हुआ है।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टेंशन सिर्फ इतनी ही नहीं है कि हर्षित राणा टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे, बल्कि उनके एक और गेंदबाज मटिशा पथिराना भी टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल हो गए थे। ऐसे में पहले चरण में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए चुनौती और बढ़ सकती है।
पहले फेज में केकेआर को चार मुकाबले खेलने हैं। पहला मुकाबला 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला जाएगा। इसके बाद केकेआर अपने घर में तीन मैच खेलेगी। टीम का दूसरा मुकाबला 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होगा, जबकि 6 और 9 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम क्रमशः पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ेगी। केकेआर के चारों मुकाबले शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे।
suntimes 