रायपुर में कल RCB-KKR की टक्कर, बारिश का साया; महंगे खाने-पानी और अव्यवस्थाओं पर भड़के दर्शक

पहले मुकाबले में पानी की बोतल 150 और पिज्जा 300 रुपए में बिकने का आरोप

रायपुर में कल RCB-KKR की टक्कर, बारिश का साया; महंगे खाने-पानी और अव्यवस्थाओं पर भड़के दर्शक

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 13 मई को होने वाले RCB और KKR के हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। हालांकि मैच से पहले मौसम विभाग ने शाम के समय बारिश की संभावना जताई है। वहीं 10 मई को हुए पहले मुकाबले के दौरान खाने-पीने की वस्तुओं के मनमाने दाम, नेटवर्क फेल होने और सुरक्षा व्यवस्थाओं में खामियों को लेकर दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने व्यवस्थाओं को लेकर जमकर सवाल उठाए हैं।

रायपुर। रायपुर में आईपीएल मुकाबलों का रोमांच चरम पर है। मंगलवार को होने वाले RCB और KKR के मुकाबले से पहले स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार आयोजन और स्टेडियम प्रबंधन की जिम्मेदारी RCB फ्रेंचाइजी के पास है।

मौसम विभाग के अनुसार मुकाबले के दौरान शाम में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे मैच पर मौसम का असर पड़ सकता है। इसके बावजूद क्रिकेट प्रेमियों में मुकाबले को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।

पहले मैच की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

10 मई को खेले गए मुकाबले के बाद दर्शकों ने स्टेडियम की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए। लोगों का आरोप है कि स्टेडियम परिसर में खाने-पीने की वस्तुओं की कोई आधिकारिक रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की गई थी। इसका फायदा उठाते हुए कई वेंडर्स ने मनमाने दाम वसूले।

दर्शकों के मुताबिक 20 रुपए की पानी की बोतल 150 रुपए में बेची गई, जबकि सामान्य कीमत वाला पिज्जा 300 रुपए तक में उपलब्ध कराया गया। कोल्ड ड्रिंक और अन्य स्नैक्स भी बाजार दर से कई गुना अधिक कीमत पर बिकते नजर आए।

नेटवर्क ठप होने से मची अफरा-तफरी

मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम के आसपास मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हो गईं। इससे ई-टिकट लेकर पहुंचे दर्शकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों के मोबाइल में QR कोड तक लोड नहीं हो पा रहे थे, जिसके चलते प्रवेश द्वारों पर लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति यह रही कि दर्शक बेहतर नेटवर्क की तलाश में स्टेडियम के बाहर इधर-उधर भटकते नजर आए। भीड़ बढ़ने से कुछ स्थानों पर अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए।

सुरक्षा व्यवस्था भी रही सवालों के घेरे में

स्टेडियम के बाहर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और लोहे की जालियां लगाई गई थीं, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवक बैरिकेडिंग पार कर अंदर घुसने में सफल रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैच शुरू होने के बाद कई लोग तारों और फेंसिंग पर चढ़कर भीतर प्रवेश करते दिखाई दिए।

भीड़ अधिक होने और सुरक्षा कर्मियों की सीमित संख्या के कारण व्यवस्था संभालने में दिक्कतें सामने आईं। मैच के दौरान कुछ स्थानों पर विवाद और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई थीं।

मुकाबले से पहले KKR ने बहाया पसीना

मुकाबले से पहले KKR की टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंची और स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। बल्लेबाजों ने डेथ ओवर्स में तेजी से रन बनाने और लंबे शॉट खेलने पर विशेष फोकस किया। वहीं गेंदबाजों ने यॉर्कर, स्लोअर वन और लाइन-लेंथ पर अभ्यास किया।

प्रैक्टिस सेशन में रिंकू सिंह आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने नेट्स में कई लंबे शॉट लगाए और आक्रामक बल्लेबाजी का अभ्यास किया। वहीं अनुभवी ऑलराउंडर सुनील नरेन ने स्पिन और वैरिएशन पर खास मेहनत की।

हालांकि टीम के ज्यादातर खिलाड़ी अभ्यास करते नजर आए, लेकिन कप्तान अजिंक्य रहाणे प्रैक्टिस सत्र में दिखाई नहीं दिए। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर टीम प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।

खिलाड़ियों की एक झलक पाने उमड़े फैंस

प्रैक्टिस सेशन के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचे। सुरक्षा कारणों से दर्शकों को सीमित क्षेत्र से ही खिलाड़ियों को देखने की अनुमति दी गई। पूरे अभ्यास सत्र के दौरान पुलिस और सुरक्षा बल तैनात रहे।