रायपुर में गूंजा बैंक कर्मचारियों का बिगुल: AIBEA के महासचिव सी.एच. वेंकटाचलम का भव्य स्वागत, निजीकरण के खिलाफ तेज होगा आंदोलन

7.70 लाख सदस्यों वाले देश के सबसे बड़े बैंक कर्मचारी संगठन के नेता ने दिया एकजुटता का संदेश

रायपुर में शनिवार को बैंक कर्मचारियों की एकता और उत्साह का अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब देश के सबसे बड़े बैंक कर्मचारी संगठन All India Bank Employees Association (AIBEA) के महासचिव सी.एच. वेंकटाचलम का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। उनके आगमन के साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को सशक्त बनाए रखने और निजीकरण के प्रयासों के खिलाफ संघर्ष को और तेज करने का संकल्प दोहराया गया।

रायपुर (21 फरवरी 2026)। बैंकिंग क्षेत्र में निजीकरण के बढ़ते कदमों के बीच राजधानी रायपुर में बैंक कर्मचारियों की एकजुटता का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। All India Bank Employees Association (AIBEA) के महासचिव सी.एच. वेंकटाचलम के रायपुर आगमन पर BOI Employees Union, छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। ढोल-बाजों की गूंज और नारों के बीच कर्मचारियों ने अपने शीर्ष नेता का अभिनंदन कर संघर्ष की प्रतिबद्धता दोहराई।

वेंकटाचलम रायपुर में Chhattisgarh Bank Employees Association (CGBEA) के पांचवें राज्य सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं। उनके आगमन से प्रदेशभर के बैंक कर्मचारियों में नया उत्साह और संगठनात्मक मजबूती देखने को मिली।

गौरतलब है कि AIBEA देश के 12 राष्ट्रीयकृत बैंकों में से 10 में प्रमुख यूनियन के रूप में सक्रिय है और विभिन्न निजी बैंकों में भी उसकी मजबूत उपस्थिति है। करीब 7.70 लाख सदस्यों के साथ यह संगठन बैंकिंग क्षेत्र का सबसे बड़ा कर्मचारी संगठन माना जाता है।

स्वागत समारोह के दौरान कर्मचारियों ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को मजबूत बनाए रखने, निजीकरण के प्रयासों का विरोध करने तथा कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को और धार देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सी.एच. वेंकटाचलम ने कहा कि बैंकिंग उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे कमजोर करने वाली किसी भी नीति का संगठित रूप से विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

सम्मेलन में वेतन समझौता, स्टाफ की कमी, बढ़ते कार्यभार, सेवा शर्तों की सुरक्षा और बैंकिंग क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों पर व्यापक चर्चा कर आगामी रणनीति तय की जाएगी।

BOI Employees Union, छत्तीसगढ़ के महासचिव हर्षवर्धन सिंह बिस्ट ने बुके और फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया और स्पष्ट संदेश दिया कि कर्मचारियों के हितों से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर इंडियन बैंक एम्प्लॉयीज एसोसिएशन के महासचिव अनुपम एक्का, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लॉयीज यूनियन के महासचिव व्हाई शिवा, पंजाब नेशनल बैंक के महासचिव पी.के. दास, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के महासचिव शैलेश कुकरेजा तथा यूको बैंक के महासचिव शिरीष नलगुंडवार सहित विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।