स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 पदों पर होगी सीधी भर्ती
व्यापम को सौंपी गई परीक्षा की जिम्मेदारी, फरवरी 2026 से प्रक्रिया शुरू; हजारों युवाओं को मिलेगा अवसर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) सहित कुल 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा। भर्ती परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को सौंपी गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, भर्ती से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर प्रपत्र व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं। विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।
फरवरी 2026 से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
राज्य सरकार फरवरी 2026 से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने जा रही है। चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यह निर्णय प्रदेश के विभिन्न सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से लिया गया है।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस भर्ती से न केवल स्कूलों में रिक्त पद भरेंगे, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। खास बात यह है कि विभिन्न श्रेणियों—व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक—के पद शामिल होने से अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।
2023 भर्ती प्रक्रिया भी पूर्ण
विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है। सरकारी स्कूलों में बड़े पैमाने पर होने वाली यह भर्ती राज्य के हजारों युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार खोलेगी, वहीं शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती देगी।
suntimes 