प्रेम विवाद ने ली जान: कोरबा में युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर खुद की जीवनलीला की समाप्त

शादीशुदा युवक की मौत, गंभीर रूप से घायल युवती ने वीडियो कॉल कर पुलिस और परिजनों को दी सूचना

प्रेम विवाद ने ली जान: कोरबा में युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर खुद की जीवनलीला की समाप्त

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम संबंध से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद के बाद युवक ने पहले अपनी प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला किया और फिर खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक युवक द्वारा की गई हिंसक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, शुभम नायडू (28) नामक युवक ने अपनी प्रेमिका निशा उर्फ प्रतीक्षा (22) पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद युवक ने उसी चाकू से खुद का गला काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद खून से लथपथ हालत में पड़ी युवती ने हिम्मत दिखाते हुए वीडियो कॉल के जरिए 112 पुलिस सहायता नंबर और अपने परिजनों को इशारों में पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया है।

शादीशुदा था युवक, एक बच्ची का पिता

पुलिस के अनुसार, मृतक शुभम नायडू बिलासपुर का निवासी था और शादीशुदा होने के साथ एक बच्ची का पिता भी था। वहीं घायल युवती भी बिलासपुर की रहने वाली है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि घटना के पीछे की असली वजह की जांच जारी है।

लापता होने की शिकायत के बाद मिला सुराग

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम से ही दोनों लापता थे। युवती के परिजनों ने बिलासपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस तलाश में जुटी थी। इसी बीच रात करीब 9 बजे दोनों बस से कोरबा पहुंचे।

संडैल नाला के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। विवाद के दौरान शुभम ने युवती के गले पर चाकू से वार कर दिया। युवती के गिरते ही युवक ने खुद पर भी वार कर लिया।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि युवती के बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

फिलहाल, मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।