ब्रेकिंग न्यूज : फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा: सिक्योरिटी गार्ड की कुएं में गिरने से मौत

औद्योगिक क्षेत्र की लापरवाही उजागर, सुरक्षा उपायों की कमी बनी जानलेवा

भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में स्थित ऊषा रबर फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत उपेन्द्र सिंह की कुएं में गिरने से मौत हो गई। यह दुर्घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह जब वह नाइट ड्यूटी के बाद घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। फैक्ट्री में खोजबीन के दौरान एक कर्मचारी ने कुएं में शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और परिजनों के पहुंचने के बाद क्रेन की मदद से शव को बाहर निकाला गया। प्रारंभ में परिजनों ने मौत पर संदेह जताया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह हादसा साबित हुआ।

कैसे हुआ हादसा?
उपेन्द्र सिंह सोमवार की रात नाइट ड्यूटी पर था। उसकी शिफ्ट सुबह 6 बजे खत्म होती थी, लेकिन जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। फैक्ट्री में उसे तलाशने पर कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान एक कर्मचारी को कुएं में कुछ संदिग्ध नजर आया। पास जाकर देखने पर पता चला कि उपेन्द्र का शव कुएं में पड़ा है।

सुरक्षा उपायों की कमी बनी हादसे की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि फैक्ट्री परिसर में मौजूद कुएं के चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा नहीं था और न ही उसे ढका गया था। यही लापरवाही गार्ड उपेन्द्र सिंह के कुएं में गिरने और डूबने की वजह बनी।

जांच जारी, फैक्ट्री प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल
मामले की जानकारी मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फैक्ट्री प्रशासन की सुरक्षा लापरवाहियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की अनदेखी को उजागर कर दिया है।