भारी लोहे की चपेट में आने से मजदूर की मौत, पुरानी भिलाई में हादसा

मयूर कंपनी में काम के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

भारी लोहे की चपेट में आने से मजदूर की मौत, पुरानी भिलाई में हादसा

भिलाईनगर। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह काम के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर वजनदार लोहे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान चंद्रशेखर सिंह (46 वर्ष), निवासी जिला शिवांग, बिहार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर सिंह पिछले 1 जुलाई से बीके ग्रुप की मयूर कंपनी में काम कर रहा था।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह कंपनी में काम कर रहा था। इसी दौरान वजनदार लोहे की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए बीएम शाह अस्पताल, शास्त्री नगर सुपेला पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक का शव फिलहाल बीएम शाह अस्पताल में रखा गया है। हादसे की सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।