कुम्हारी में गुटखा निर्माण की सूचना पर जीएसटी इंटेलिजेंस की छापेमारी

फैक्ट्री से 2 मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त, दस्तावेजों की जांच के बाद सामने आएगा टैक्स संबंधी पूरा मामला

दुर्ग। कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने एक फैक्ट्री में छापेमारी की। यहां सितार कंपनी के नाम से गुटखा तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली 2 मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया। टीम ने गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री को भी जांच के दायरे में लिया है।

सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम को कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में गुटखा निर्माण और कारोबार से जुड़ी अनियमितता की सूचना मिली थी। इसके बाद रविवार को करीब 10 से 12 अधिकारियों की टीम 3 वाहनों से मौके पर पहुंची और गोदाम व फैक्ट्री परिसर की जांच शुरू की।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने परिसर में रखी गुटखा निर्माण की मशीनों, तैयार माल और अन्य सामग्री की पड़ताल की। जांच के बाद गुटखा बनाने वाली 2 मशीनों को जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी टीम ने अपने कब्जे में लिया है।

अधिकारियों की जांच का एक प्रमुख बिंदु गुटखा निर्माण और बिक्री से जुड़े कारोबार में जीएसटी एवं अन्य कर नियमों के पालन से संबंधित है। टीम गोदाम में मिले दस्तावेजों, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य सामग्री का मिलान कर रही है। शुरुआती तौर पर जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है, हालांकि इसकी वास्तविक कीमत और संभावित टैक्स देनदारी की जानकारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

सुरेश गुप्ता के गोदाम की जानकारी

बताया जा रहा है कि जिस गोदाम में कार्रवाई की गई, वह सुरेश गुप्ता का है। टीम ने वहां मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामान की भी जांच की है। हालांकि, कार्रवाई को लेकर सेंट्रल जीएसटी विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।

जब्त सामान लेकर रायपुर रवाना हुई टीम

कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम जब्त की गई दोनों मशीनों और गुटखे को लेकर रायपुर रवाना हो गई। अब जब्त सामग्री और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई और टैक्स संबंधी स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।