हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरफ्तार, महिला कर्मचारी के वेतन में ₹1.49 लाख गबन का आरोप

विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक रिकॉर्ड और यूपीआई ट्रांजेक्शन के आधार पर मामला दर्ज; 17 माह में ₹1.49 लाख परिचित के खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरफ्तार, महिला कर्मचारी के वेतन में ₹1.49 लाख गबन का आरोप

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से कथित रूप से ₹1.49 लाख का गबन करने के आरोप में मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक अभिलेख और यूपीआई लेन-देन के दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता श्रीमती शुभांगी मराठे विश्वविद्यालय में अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। वह आरोपी कुलसचिव के निवास पर भोजन बनाने का कार्य भी करती थीं। जांच में सामने आया कि उनका मासिक वेतन ₹11,515 निर्धारित था, लेकिन उन्हें केवल ₹2,200 का भुगतान किया जाता था। शेष राशि कथित रूप से आरोपी के दबाव में PhonePe और Paytm के माध्यम से उसके परिचित उदय कुलदीप के खाते में स्थानांतरित कराई जाती थी।

पुलिस जांच के मुताबिक 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच इस तरीके से कुल ₹1,49,384 की राशि का गबन किया गया। मामले की जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट, यूपीआई ट्रांजेक्शन और विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना गया।

इन तथ्यों के आधार पर थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 550/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी भूपेन्द्र कुमार कुलदीप (51 वर्ष), निवासी हेमचंद यादव विश्वविद्यालय परिसर, को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक केशव राम कोशले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अपने पद या अधिकार का दुरुपयोग कर आर्थिक शोषण, अवैध वसूली अथवा वित्तीय अनियमितता करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा सके।