छुट्टी के दिन खुले स्पा सेंटर, पुलिस की रेड में 7 संचालिकाएं गिरफ्तार
दुर्ग के सूर्या माल क्षेत्र में कार्रवाई, कोर्ट ने सभी को जेल भेजा – पहले भी दी गई थी चेतावनी

साप्ताहिक अवकाश के दिन बंद रहने का नियम तोड़कर खुले रखे गए स्पा सेंटरों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सूर्या माल स्थित सात स्पा और ब्यूटी सैलून पर छापेमारी कर पुलिस ने संचालिकाओं को गिरफ्तार किया। कोर्ट ने सभी को जेल भेज दिया है।
दुर्ग। सूर्या माल क्षेत्र के स्पा और ब्यूटी सैलून मंगलवार को अवकाश के दिन खुले पाए गए। स्मृति नगर पुलिस चौकी की टीम ने छापेमारी कर सात संचालिकाओं को गिरफ्तार कर लिया। शासन की गाइडलाइन के अनुसार, मंगलवार को सभी स्पा और ब्यूटी सैलून बंद रहना अनिवार्य है।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि न्यू एलोरा स्पा, रॉयल रिलेक्सिंग स्पा, द फाइनिंग स्पा, द राइजिंग स्पा, कृतिमा स्पा एंड ब्यूटी, संजू स्पा एंड ब्यूटी और दिशा स्पा एंड ब्यूटी मंगलवार को खुले मिले। इससे पहले भी संचालकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई थी।
पुलिस टीम से विवाद
जांच के दौरान स्पा संचालिकाओं ने पुलिस टीम और गवाहों के साथ बहस की, जिससे मौके पर हल्का विवाद भी हुआ और लोगों में अशांति का माहौल बना। इसके बाद पुलिस ने सभी संचालिकाओं को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया।
इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 और 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। छावनी न्यायालय ने सभी आरोपियों को केंद्रीय जेल दुर्ग भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने शहर के अन्य स्पा और ब्यूटी सैलून संचालकों को शासन की गाइडलाइन और लाइसेंस की शर्तों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।