निजी गाड़ियों पर ‘पुलिस’ लिखना पड़ेगा भारी: दुर्ग पुलिस ने शुरू किया सख्त अभियान
टाइगर मोबाइल और हाईवे पेट्रोलिंग टीम को जांच के निर्देश, नियम तोड़ने वालों की गाड़ियां होंगी जब्त
दुर्ग जिले में निजी वाहनों पर अवैध रूप से ‘पुलिस’ लिखकर घूमने वालों के खिलाफ अब पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। यातायात विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए टाइगर मोबाइल, हाईवे पेट्रोलिंग और ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिस टीमों को ऐसे वाहनों की जांच के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग-भिलाई। जिले में निजी वाहनों पर अवैध तरीके से ‘पुलिस’ लिखकर चलने वालों की अब खैर नहीं है। यातायात विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। अभियान के तहत शहर और हाईवे पर लगातार चेकिंग की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात, दुर्ग कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कई लोग अपनी निजी कारों और दोपहिया वाहनों पर आगे-पीछे अथवा भीतर ‘पुलिस’ लिखी प्लेट लगाकर घूमते हैं। इससे आम नागरिकों में भ्रम की स्थिति पैदा होती है और कई बार ऐसे मामलों का गलत फायदा उठाने की शिकायतें भी सामने आती हैं। विभाग ने इसे गंभीर मामला मानते हुए अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
यातायात विभाग ने टाइगर मोबाइल, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे सड़क पर चलने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच करें। विशेष रूप से उन वाहनों को रोका जाएगा, जिन पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ पाया जाएगा। दस्तावेजों की जांच के दौरान यदि वाहन निजी श्रेणी का निकला तो संबंधित वाहन को तत्काल जब्त कर थाने के माध्यम से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान अगले आदेश तक लगातार जारी रहेगा। साथ ही प्रभावी कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को वरिष्ठ कार्यालय की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा, ताकि अभियान को और अधिक सक्रियता के साथ संचालित किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आम लोगों में कानून के प्रति विश्वास बनाए रखना और पुलिस पहचान का दुरुपयोग रोकना है।
suntimes 