मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सांसद मनोज तिवारी ने की मुलाकात, लोककला और फिल्म उद्योग पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सांसद मनोज तिवारी ने की मुलाकात, लोककला और फिल्म उद्योग पर हुई चर्चा
  • छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रयासों की तिवारी ने की सराहना
  • फिल्म सिटी स्थापना को लेकर मुख्यमंत्री ने साझा किए राज्य सरकार के कदम
  • पारंपरिक भेंट और आत्मीय स्वागत के साथ हुआ सौजन्य संवाद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोकसभा सांसद एवं प्रसिद्ध गायक-कलाकार मनोज तिवारी ने आज मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, उभरते फिल्म उद्योग और सांस्कृतिक संवर्धन के विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोकसभा सांसद व लोकप्रिय कलाकार मनोज तिवारी ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री श्री साय ने पारंपरिक शाल ओढ़ाकर और छत्तीसगढ़ की विशिष्ट बेलमेटल कला से निर्मित नंदी की प्रतिमा भेंट कर श्री तिवारी का आत्मीय स्वागत किया।

भेंट के दौरान दोनों के बीच छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोककला, सांस्कृतिक धरोहर और राज्य में फिल्म निर्माण के बढ़ते अवसरों पर गंभीर विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री तिवारी को राज्य सरकार द्वारा लोककलाओं के संरक्षण, संवर्धन तथा फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में प्रस्तावित फिल्म सिटी की स्थापना के लिए की जा रही पहल की भी विस्तृत जानकारी साझा की।

सांसद मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध परंपराओं को राष्ट्रीय पटल पर उभारने में राज्य सरकार का कार्य सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ आने वाले समय में कला, संस्कृति और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशेष पहचान बनाएगा।

यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रचनात्मक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।