बर्फानी धाम में शुरू हुआ दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव, भक्ति और श्रद्धा का होगा संगम
गुरुदेव बर्फानी दादाजी के चरण पूजन से लेकर शोभायात्रा, सुंदरकांड और भजन-कीर्तन तक होगा विविध आध्यात्मिक आयोजन

राजनांदगांव के प्रसिद्ध बर्फानी धाम में इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। बर्फानी सेवाश्रम समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 9 जुलाई से हो रही है, जिसमें विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
राजनांदगांव। राजनांदगांव के पवित्र बर्फानी धाम में इस बार भी गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। बर्फानी सेवाश्रम समिति द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन 9 जुलाई से प्रारंभ हो गया है। समिति के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा 'गन्नू' ने जानकारी दी कि यह महोत्सव गुरुदेव बम्हर्षि बर्फानी दादाजी के सान्निध्य और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
धाम स्थित गर्भगृह में काली स्वरूपा मां पाताल भैरवी राज राजेश्वरी, त्रिपुर सुंदरी, दस महाविद्याएं और द्वादश ज्योतिर्लिंग शिव शक्ति सिद्धपीठ की स्थापना गुरुदेव के निर्देशन में की गई थी। यहां विशाल स्फटिक और पारस शिवलिंग की भी प्रतिष्ठापना की गई है।
पहले दिन 9 जुलाई की संध्या 4 बजे से दुर्ग की महिला मंडलियां सुंदरकांड, हनुमान चालीसा पाठ और भक्ति भजनों की प्रस्तुति देंगी। वहीं 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन, सुबह 8 बजे से गुरुदेव की पालकी यात्रा निकाली जाएगी जो आश्रम परिसर में भ्रमण करेगी। इसके पश्चात पंचामृत, गंगाजल व दुग्धाभिषेक सहित विविध पारंपरिक विधियों से गुरुदेव का पूजन एवं महाआरती संपन्न होगी।
इसके बाद सुबह 10 बजे से भिलाई के कान्हा महाराज की अगुवाई में संगीतमय भजन संध्या और हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन समर्पण, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहेगा।