खास खबर : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की आर्थिक नाकाबंदी की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अडानी समूह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेशभर में आक्रोशित कांग्रेसियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार ईडी का दुरुपयोग कर राजनीतिक प्रतिशोध ले रही है।
दुर्ग। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी और उनके निवास पर ईडी की छापेमारी के बाद कांग्रेस पार्टी अब पूरी तरह आक्रामक मोड में आ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन की रणनीति अपनाते हुए सड़कों पर उतरना शुरू कर दिया है।
दुर्ग जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। चौक-चौराहों पर जाम लगाकर यातायात बाधित किया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि यह प्रदर्शन केवल एक गिरफ्तारी के विरोध में नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की एजेंसियों द्वारा लोकतंत्र पर हमले के खिलाफ जनजागरण का हिस्सा है।
पार्टी का आरोप है कि अडानी समूह के खिलाफ कोई कार्रवाई न करते हुए सरकार ईडी के माध्यम से विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। कांग्रेस ने इसे तानाशाही और लोकतंत्र की हत्या बताया है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पूरे प्रदेश में ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर आर्थिक नाकाबंदी और चक्काजाम जैसे कार्यक्रम जारी रहेंगे। प्रदर्शन के अगले चरण में जेल भरो आंदोलन और राजभवन घेराव जैसे कदम भी शामिल हो सकते हैं।
suntimes 