21 लाख की ठगी कर भागा निवेश ठग गिरफ्तार, सूरजपुर पुलिस की कार्रवाई

डबल रकम और हर महीने 12% ब्याज का झांसा देकर की ठगी, पहले भी 40 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी

21 लाख की ठगी कर भागा निवेश ठग गिरफ्तार, सूरजपुर पुलिस की कार्रवाई

सूरजपुर में फर्जी निवेश योजना के नाम पर 21 लाख की ठगी करने वाले आरोपी संजीत अग्रवाल को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने निवेश पर डबल रिटर्न और 12% मासिक ब्याज का लालच देकर ठगी की थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर 3 दिन की रिमांड पर लिया है। इससे पहले भी आरोपी पर 40 लाख की ठगी का मामला दर्ज हो चुका है।

सूरजपुर।  सूरजपुर पुलिस ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी संजीत अग्रवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शुभ निवेश कोचिंग सेंटर चलाते हुए लोगों को फर्जी मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी की थी।

थाना सूरजपुर में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय निवासी से अप्रैल–मई 2024 के बीच आरोपी ने 10 लाख रुपये 12% मासिक ब्याज देने और 90 दिन में रकम दोगुनी करने का प्रलोभन दिया। इस झांसे में आकर पीड़ित ने कुल 21 लाख रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए।

पैसा लौटाने के नाम पर आरोपी ने चेक तो दिया, लेकिन समय पर रकम नहीं लौटाई। जब पीड़ित ने राशि वापस मांगी, तो आरोपी ने टालमटोल करना शुरू कर दिया और फिर कोचिंग सेंटर बंद कर मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार हो गया।

डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर बिलासपुर में दबिश दी। जहां से उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी संजीत अग्रवाल पर पूर्व में भी 40 लाख की ठगी का केस दर्ज है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश दुबे और टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रहे।