बच्ची की काउंसलिंग के बीच विवाद, चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में हुई घटना; परियोजना समन्वयक की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने दर्ज किया केस, सीसीटीवी फुटेज भी आया था सामने
दुर्ग-भिलाई। संरक्षण की जरूरत वाली बच्ची की काउंसलिंग के दौरान दुर्ग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में महिला और विभागीय कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की करने, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने यूट्यूबर हनुमान उर्फ हनु नायक (30) को गिरफ्तार किया है। मामला उस समय शुरू हुआ, जब नेहरू नगर चौक पर कारों के शीशे साफ करती मिली करीब 15 साल की बच्ची को महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम संरक्षण के लिए कार्यालय लाई थी। बच्ची और उसकी मां की काउंसलिंग के दौरान स्कूल नहीं जाने को लेकर चर्चा हुई थी।
संरक्षण के लिए कार्यालय लाई गई थी बच्ची
महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम को नेहरू नगर चौक पर करीब 15 साल की बच्ची कारों के शीशे साफ करते हुए मिली थी। बच्ची को संरक्षण देने के उद्देश्य से टीम उसे चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय लेकर आई। इसके बाद उसकी मां गोलू बाई को भी जरूरी दस्तावेजों के साथ बुलाया गया। कार्यालय में दोनों की काउंसलिंग की जा रही थी।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान यूट्यूबर हनुमान उर्फ हनु नायक कार्यालय पहुंचा। बच्ची के स्कूल नहीं जाने के मुद्दे पर बातचीत के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उसने महिला और वहां मौजूद विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। शिकायत में शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा धमकी देने का भी उल्लेख है।
सीसीटीवी फुटेज के बाद कार्रवाई की मांग
बताया गया है कि घटना 7 अक्टूबर को हुई थी। इसके बाद घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया। चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू और परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने आरोपी पर मारपीट, गाली-गलौज और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। विभागीय स्तर पर कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद परियोजना समन्वयक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
बीएनएस की छह धाराओं में प्रकरण
पद्मनाभपुर पुलिस के मुताबिक, अपराध क्रमांक 646/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 121(2), 132, 296, 115(2) और 351(3) में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी पर पत्रकारिता का धौंस दिखाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ सुपेला और नेवई थानों में भी मारपीट से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
suntimes 