दिल्ली की कार्रवाई के विरोध में रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, लोकभवन के बाहर धरने पर बैठे कार्यकर्ता
राहुल गांधी के समर्थन में प्रदेशभर में विरोध, भूपेश बघेल बोले- हिरासत के दौरान मेरा एक जूता भी पुलिस के पास रह गया
*नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को रायपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। लोकभवन के बाहर धरने पर बैठे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा की मांग दोहराई।*
रायपुर। राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में मंगलवार को रायपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरने पर बैठकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के निकट हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि पुलिस ने उन्हें वरिष्ठ नेताओं के साथ हिरासत में लेकर बस में बैठाया। उन्होंने यह भी लिखा कि इस दौरान उनका एक जूता पुलिस के पास रह गया।
रायपुर में विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित कई कांग्रेस नेताओं ने लोकभवन की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें निर्धारित स्थान पर ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखा।
कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा, नीट परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितताओं पर संसद में विस्तृत चर्चा तथा दिल्ली में आंदोलन के दौरान छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग शामिल है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना छात्रों का विश्वास बहाल नहीं किया जा सकता। वहीं उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
गौरतलब है कि नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भी आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज करने का संकेत दिया है।
suntimes 