सोशल मीडिया वीडियो में महापौर पर अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने दर्ज किया केस

भाजपा पार्षदों की शिकायत पर कार्रवाई; वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की तलाश में जुटी सिविल लाइन पुलिस

सोशल मीडिया वीडियो में महापौर पर अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने दर्ज किया केस

रायपुर। रायपुर महापौर मीनल चौबे को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एक युवक ने बारिश के बाद जलभराव और सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। आरोप है कि वीडियो में महापौर के खिलाफ गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणी की गई।

वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा पार्षद दल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है।

वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद

वीडियो में शहर की बारिश, जलभराव और सड़क से जुड़ी समस्याओं को लेकर नाराजगी जाहिर की गई थी। इसी दौरान महापौर के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद भाजपा पार्षदों ने इसे लेकर विरोध जताया।

पुलिस जुटा रही वीडियो से जुड़ी जानकारी

FIR दर्ज करने के बाद पुलिस वीडियो की जांच कर रही है। वीडियो किसने बनाया, इसे सोशल मीडिया पर किस अकाउंट से पोस्ट किया गया और इसके पीछे संबंधित व्यक्ति कौन है, इन सभी बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है।

पहचान सामने आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान करने पर है। उसकी पहचान और वीडियो से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। भाजपा की ओर से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।