MiG-21 से यात्री विमान तक, अभिनंदन की नई उड़ान; एयरफोर्स को कहा अलविदा
2019 में पाकिस्तानी F-16 को गिराने के बाद बने थे देशभर में चर्चा का चेहरा; पाकिस्तान में 60 घंटे कैद रहने के बाद हुई थी सुरक्षित वापसी
नई दिल्ली (ए)। वर्ष 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान साहस दिखाने वाले पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान अब फाइटर जेट के कॉकपिट के बजाय यात्री विमान की कमान संभालेंगे। उन्होंने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना से विदाई ली और अगस्त में निजी क्षेत्र की क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई-91 में शामिल हो गए।
अभिनंदन का सैन्य करियर करीब दो दशक का रहा। वह MiG-21 बाइसन के पायलट थे। 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी विमानों की घुसपैठ रोकने के लिए भेजे गए मिशन के दौरान उन्होंने एक पाकिस्तानी F-16 को निशाना बनाया। इस दौरान उनका लड़ाकू विमान भी मिसाइल की चपेट में आ गया।
MiG-21 को नुकसान पहुंचने के बाद उन्होंने विमान से इजेक्ट किया और पैराशूट के जरिए पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में उतरे। वहां पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया। भारत के दबाव के बीच करीब 60 घंटे बाद 1 मार्च 2019 को उन्हें रिहा किया गया और वह अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत पहुंचे।
बहादुरी को मिला देश का सम्मान
अभिनंदन की इस कार्रवाई को उनकी सैन्य सेवा की उल्लेखनीय उपलब्धियों में गिना गया। वर्ष 2021 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया था। आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र में दुश्मन की संख्या और तकनीकी बढ़त के बावजूद उनके साहसिक प्रतिरोध का उल्लेख किया गया।
पुलवामा के बाद हुआ था बालाकोट ऑपरेशन
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में CRPF के काफिले पर हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इसके बाद 26 फरवरी को भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में एयरस्ट्राइक की। अगले ही दिन पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा की ओर रुख किया, जिसके बाद हवाई संघर्ष हुआ। इसी अभियान में अभिनंदन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अब ATR विमान उड़ाएंगे
सैन्य विमान उड़ाने का लंबा अनुभव अब अभिनंदन के सिविल एविएशन करियर में काम आएगा। हालांकि एयरफोर्स से आने वाला पायलट सीधे किसी यात्री विमान का संचालन नहीं कर सकता। उसे DGCA के नियमों के अनुसार सिविल पायलट लाइसेंस, आवश्यक प्रशिक्षण, मेडिकल फिटनेस और संबंधित विमान की टाइप रेटिंग हासिल करनी होती है।
फ्लाई-91 ने मार्च 2024 में अपनी कॉमर्शियल सेवाएं शुरू की थीं। एयरलाइन के पास फिलहाल छह ATR 72-600 विमान हैं, जिनमें करीब 70 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। गोवा और हैदराबाद इसके प्रमुख बेस हैं।
suntimes 