विधायक कॉलोनी के पीछे देर रात हंगामा: कैटरर्स के दो गुटों में खूनी झड़प, VIDEO वायरल होते ही 7 गिरफ्तार

लेन-देन के विवाद में नशे में धुत युवकों के बीच मारपीट सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर की कार्रवाई

विधायक कॉलोनी के पीछे देर रात हंगामा: कैटरर्स के दो गुटों में खूनी झड़प, VIDEO वायरल होते ही 7 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा इलाके में विधायक कॉलोनी के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने 26 फरवरी की रात जमकर बवाल हुआ। कैटरिंग का काम करने वाले दो गुटों के बीच लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद नशे की हालत में हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला Raipur के Telibandha थाना क्षेत्र का है।

ऐसे भड़का विवाद

पुलिस के मुताबिक, योगेश साहू समेत सभी आरोपी कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े हैं। 26 फरवरी की रात आपसी कामकाज और पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी शुरू हुई। शराब के नशे में विवाद तेजी से बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और डंडों से मारपीट होने लगी।

हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर हालात को काबू में किया।

VIDEO वायरल, पुलिस हरकत में

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में योगेश साहू, रितेश साहू, आशुतोष पांडे, सतबीर खींची, मो. तालिब, संदीप यादव और विवेक मिश्रा शामिल हैं।

पुलिस का सख्त संदेश

तेलीबांधा पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट और शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। विवेचना अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर अराजकता फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।