सस्ती शराब के लालच में उजड़े परिवार, सागर में 22 मौतें; 112 की हालत बिगड़ी
जहरीली शराब कांड में ठेकेदार समेत 30 के खिलाफ केस, 10 गिरफ्तार; FIR में सस्ते ब्रांड के नाम पर बिक्री का उल्लेख
सागर (ए). सागर जिले में शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत खराब होने से हड़कंप मच गया। कई मरीजों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर मरीजों को सागर और भोपाल भेजा गया।
इलाज के दौरान लगातार मौतें होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। सोमवार को भी कई मरीजों ने दम तोड़ दिया।
पिता की मौत के बाद बेटे ने भी तोड़ा दम
मामले में राम प्रसाद लोधी और उनके पिता गोविंद लोधी की मौत ने परिवार को झकझोर दिया। राम प्रसाद को गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर भोपाल ले जाया गया था, लेकिन रविवार देर रात उनकी मौत हो गई। उनके पिता गोविंद लोधी की भी उसी दिन मौत हुई थी। राम प्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी अभी सागर में भर्ती है।
इसके अलावा सोमवार को महेश रावत, श्याम बाई अहिरवार और कृष्ण कुमार लोधी समेत अन्य लोगों की मौत हुई।
112 लोग अस्पताल में भर्ती
जहरीली शराब पीने के बाद बीमार हुए करीब 112 लोगों का उपचार चल रहा है। सागर और भोपाल के अस्पतालों में डॉक्टर मरीजों की निगरानी कर रहे हैं। घटना के बाद प्रशासन ने स्वास्थ्य और पुलिस अधिकारियों को सक्रिय किया है।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी घटना की जानकारी ली है।
FIR में सामने आई सस्ती शराब की बात
बंडा थाने में दर्ज एफआईआर में शिकायतकर्ता अनूप सिंह लोधी ने कथित अवैध शराब बिक्री को लेकर कई लोगों की जानकारी दी है। शिकायत के अनुसार लाइसेंसी शराब ठेकेदार से जुड़े कुछ लोगों के माध्यम से कथित तौर पर एक सस्ता ब्रांड उपलब्ध कराया गया था।
दुकानदार की ओर से इसे बाजार मूल्य से 20 रुपए कम में देने की बात कही गई थी। एफआईआर के मुताबिक राजेंद्र लोधी ने शराब की गुणवत्ता को लेकर सवाल भी उठाया था।
70 रुपए में क्वार्टर खरीदा
शिकायत में बताया गया है कि राजेंद्र ने जुझार लोधी की दुकान से 70 रुपए में देशी शराब का एक क्वार्टर खरीदा। शराब पीने के बाद वह घर लौट गया। रात में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजन उसे बंडा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे सागर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके अलावा करतार सिंह लोधी और दिग्विजय सिंह लोधी की मौत भी शराब पीने के बाद होने की बात शिकायत में कही गई है।
30 पर केस, 10 गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने शराब ठेकेदार समेत 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस कथित अवैध शराब के स्रोत, सप्लाई चैन और बिक्री से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
जांच के दौरान यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां तैयार हुई, इसे किन लोगों तक पहुंचाया गया और इसकी बिक्री में कौन-कौन शामिल था।
मौतों के बाद प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद इलाके में प्रशासन और पुलिस की गतिविधियां बढ़ गई हैं। अस्पतालों में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है। मृतकों के अंतिम संस्कार भी किए जा चुके हैं। मामले की जांच के साथ ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है।
suntimes 