खारून नदी में डूबे 15 वर्षीय किशोर का शव SDRF ने किया बरामद

तेज बहाव के बीच गोताखोर ने चलाया सर्च ऑपरेशन, मोटर बोट और सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची थी रेस्क्यू टीम

खारून नदी में डूबे 15 वर्षीय किशोर का शव SDRF ने किया बरामद

दुर्ग। जिले के ग्राम अकोला स्थित खारून नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 15 वर्षीय किशोर का शव राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाकर बरामद कर लिया। मृतक की पहचान रायपुर के गोगांव, सीता नगर निवासी राज गुप्ता, पिता रिंकू गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही परिजन और स्थानीय स्तर पर उसकी तलाश को लेकर चिंता बनी हुई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर खारून नदी में नहाने के दौरान अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। घटना की सूचना मिलने पर जिला सेनानी के निर्देशन में SDRF की रेस्क्यू टीम मोटर बोट और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान प्रशिक्षित गोताखोर चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव के बीच डिप डाइविंग करते हुए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी प्रयासों के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को मौके पर मौजूद थाना कुम्हारी पुलिस और परिजनों के सुपुर्द किया गया, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

इस रेस्क्यू अभियान में SDRF की टीम ने तत्परता और कुशलता के साथ कार्रवाई करते हुए शव बरामद किया। मामले में आगे की कार्रवाई थाना कुम्हारी पुलिस द्वारा की जा रही है।