त्योहार पर रफ्तार का कहर: छत्तीसगढ़ के चार जिलों में सड़क दुर्घटनाओं में 11 की मौत
गर्भवती महिला, चचेरे भाई, पिता-बेटी और दो किशोरों ने गंवाई जान; रायगढ़ में सबसे ज्यादा छह मौतें
कोरबा/दंतेवाड़ा/रायगढ़/अंबिकापुर। दशहरे के उल्लास के बीच छत्तीसगढ़ के चार जिलों में तेज रफ्तार वाहनों ने कहर बरपाया। अलग-अलग सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हुए।
रायगढ़ में सबसे ज्यादा तबाही, छह ने तोड़ा दम
मंगलवार शाम छाल, कापू और गेरवानी क्षेत्र में हुई चार दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हुई। चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया। छाल में अस्पताल पारा के पास मेला जाते चार युवकों की बाइक खड़े ट्रक से भिड़ गई। इसी क्षेत्र में पैदल मेला जा रहे चंद्रदेव सिंह ठाकुर को अज्ञात बाइक ने टक्कर मारकर जान ले ली।
कापू के इंचपारा-पारेमेर मार्ग पर बेकाबू वाहन पैदल चल रहे ग्रामीणों पर चढ़ गया, जिसमें पिता पवन कोरवा और बेटी नयंती कोरवा की मौके पर मौत हो गई। गेरवानी के नलवा गेट नंबर-3 के पास बाइक डंपर के पीछे घुस गई और आकाश कुमार (40) की जान चली गई।
दंतेवाड़ा: मेले की राह में पलटी पिकअप, नौ माह की गर्भवती ने गंवाई जान
भांसी थाना क्षेत्र के राजा बंगला मोड़ पर दशहरा मेला जा रहे ग्रामीणों की पिकअप पलट गई। हादसे में नौ माह की गर्भवती अन्नू मंडावी की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य सवार घायल हुए।
जानकारी के मुताबिक, बचेली की ओर बढ़ रही पिकअप ने पहले बस से उतरकर सड़क पार कर रहे ग्रामीण मुड़ा भास्कर को टक्कर मारी। चालक ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूर जाकर वाहन पलट गया। चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।
कोरबा: पूजा सामग्री छोड़कर लौट रहे चचेरे भाइयों को भारी वाहन ने रौंदा
मंगलवार शाम उरगा-हाटी मार्ग पर नोनबिर्रा के पास तेज रफ्तार भारी वाहन ने इलेक्ट्रिक बाइक को टक्कर मार दी। नोनबिर्रा निवासी यशवंत गुप्ता (24) और उनके चचेरे भाई शुभम गुप्ता (20) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडित के घर पूजा सामग्री पहुंचाकर लौट रहे थे और परिवार संग दशहरा उत्सव देखने जाने वाले थे।
करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव के अनुसार, आरोपी चालक वाहन लेकर भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है। कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर भी 24 घंटे में दो हादसों में दो लोगों की जान गई।
अंबिकापुर: मेला देखकर लौटते दो किशोर ट्रेलर के पहियों तले आए
सीतापुर के कासाबेल बिजली पावर हाउस के पास बुधवार तड़के करीब 5 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर (HR-38 AM 9613) ने मोपेड (CG-15 DR 2726) में टक्कर मार दी। पीछे बैठे सोनतराई सड़कपारा निवासी सूर्यकांत और पवन मांझी ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए और दोनों की मौके पर मौत हो गई। मोपेड चला रहे विजय छिटककर दूर जा गिरे और बच गए।
suntimes 