दिल्ली PG हादसे में दुर्ग के युवराज की मौत, छुट्टियों के बाद 3 दिन पहले ही लौटा था दिल्ली

DU के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था 20 वर्षीय युवराज, हादसे की खबर मिलते ही परिवार दिल्ली रवाना

दिल्ली PG हादसे में दुर्ग के युवराज की मौत, छुट्टियों के बाद 3 दिन पहले ही लौटा था दिल्ली

दुर्ग। युवराज सोनी दुर्ग का रहने वाला था और उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली में रह रहा था। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। कॉलेज में छुट्टियां होने के कारण वह पिछले महीने दुर्ग स्थित अपने घर आया था। छुट्टियां खत्म होने के बाद करीब तीन दिन पहले ही वह वापस दिल्ली पहुंचा था।

परिचित आदित्य के मुताबिक युवराज पढ़ाई को लेकर गंभीर था और दिल्ली में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह पढ़ाई पूरी कर अपने भविष्य को बेहतर बनाएगा, लेकिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

हादसे ने छीन लिया परिवार का इकलौता सहारा

रविवार को सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला हॉस्टल/PG बिल्डिंग गिरने की घटना हुई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की सूचना के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान युवराज की भी मौत की पुष्टि हुई।

हादसे की सूचना दुर्ग में उसके परिवार को मिली तो घर में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल दिल्ली के लिए रवाना हो गए। युवराज के दोस्तों और परिचितों में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

मलबे में जिंदगी तलाशते रहे रेस्क्यूकर्मी

हादसे के बाद स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। शुरुआत में मलबा हाथों से हटाकर लोगों को तलाशने का प्रयास किया गया। इसके बाद मशीनों की मदद से राहत कार्य तेज किया गया। रेस्क्यू डॉग और कैमरों की सहायता से मलबे में फंसे अथवा लापता लोगों की तलाश जारी रही।

बताया गया है कि हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

बिल्डिंग गिरने के कारणों की जांच

हादसे के बाद प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इमारत के निर्माण या संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर सामने आएगी।