दुर्ग में 72 घंटे की ड्यूटी के बाद पुलिस की होली, कंट्रोल रूम परिसर में रंग और संगीत का उत्सव
वाटर कैनन से रंगों की बौछार, डीजे की धुन पर थिरके अधिकारी-जवान; आईजी, कलेक्टर और एसएसपी ने बढ़ाया जवानों का उत्साह
दुर्ग-भिलाई। होली पर्व के दौरान लगातार तीन दिन तक सुरक्षा व्यवस्था संभालने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में उत्साह के साथ होली का उत्सव मनाया। रंग-गुलाल, संगीत और पानी की बौछारों के बीच अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी और ड्यूटी की व्यस्तता के बाद कुछ पल खुशी के साथ बिताए।
इस अवसर पर संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पुलिसकर्मियों के साथ रंग-गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं और जवानों का उत्साह बढ़ाया।
होली उत्सव में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस इकाइयों से पहुंचे अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कंट्रोल रूम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल रंगों और उमंग से सराबोर नजर आया। सभी ने मिलकर त्योहार का आनंद लिया।
होली को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। 2 मार्च से पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा। जिलेभर में करीब 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था, ताकि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न बने।
लगातार करीब 72 घंटे तक ड्यूटी निभाने के बाद जवानों के लिए कंट्रोल रूम परिसर में होली मिलन का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाया और मिठाई खिलाकर त्योहार की बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान वाटर कैनन से पानी की बौछार भी की गई, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया। डीजे की धुन पर पुलिस अधिकारी और जवान जमकर झूमे और उत्साह के साथ होली का जश्न मनाया। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के बीच भी सुरक्षा व्यवस्था पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है, ताकि जिले में शांति और व्यवस्था बनी रहे।
suntimes 