पाक के सामने फिर जीत का इरादा, भारत की सेमीफाइनल सीट पहले से पक्की

आज दुबई में महामुकाबला; मंधाना के बल्ले और दीप्ति की गेंदबाजी ने संभाला मोर्चा, हरमनप्रीत 150वीं बार करेंगी कप्तानी

पाक के सामने फिर जीत का इरादा, भारत की सेमीफाइनल सीट पहले से पक्की

दुबई (ए)। महिला एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच आज हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। भारत लगातार दो जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला होने के कारण टीम इंडिया इस मैच को भी पूरी गंभीरता से खेलेगी। मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से होगा।

भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए यह मैच खास होगा। वह 150वीं बार टी-20 इंटरनेशनल में टीम की कप्तानी करेंगी। इतनी बार कप्तानी करने वाली वह दुनिया की पहली क्रिकेटर बनने जा रही हैं।

17 में से 14 मैच भारत ने जीते

भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 इंटरनेशनल में अब तक 17 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम ने इनमें 14 जीत दर्ज की हैं। पाकिस्तान को तीन बार सफलता मिली है। एशिया कप में भी भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ मजबूत है। दोनों टीमों के बीच खेले गए सात मुकाबलों में भारत ने छह जीते हैं, जबकि पाकिस्तान के खाते में सिर्फ एक जीत है।

अक्टूबर 2022 के बाद पाकिस्तान भारत के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सका है। पिछले चार मुकाबलों में भारतीय टीम ने लगातार उसे शिकस्त दी है।

जीत से पाकिस्तान की सेमीफाइनल राह आसान

ग्रुप में भारत चार अंकों के साथ सबसे ऊपर है और पाकिस्तान दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान के लिए आज का मुकाबला अहम है। जीत हासिल करने पर वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। हारने पर उसे हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ अपने आखिरी लीग मैच में जीत दर्ज करनी होगी।

मंधाना का बल्ला और दीप्ति की फिरकी चर्चा में

भारत की बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना सबसे बड़ा नाम बनकर उभरी हैं। उन्होंने दो मैचों में 143 रन बनाए हैं और 193.24 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। पिछले मैच में उनके बल्ले से 124 रन की शानदार पारी निकली थी।

गेंद से दीप्ति शर्मा ने विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया है। दो मुकाबलों में छह विकेट लेने वाली दीप्ति की इकॉनमी 2.16 रही है। थाईलैंड के खिलाफ उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए बिना रन दिए तीन विकेट हासिल किए थे।

भारत के लिए यह मुकाबला भले ही सेमीफाइनल की टिकट तय होने के बाद हो रहा हो, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ जीत का सिलसिला कायम रखना टीम के आत्मविश्वास के लिए अहम होगा।