शिवनाथ में बहे युवक का शव दो दिन बाद मिला

गनियारी में पिकनिक के दौरान बर्तन धोते समय तेज बहाव में बहा था 32 वर्षीय युवक; SDRF ने मोटर बोट और आधुनिक उपकरणों से चलाया सघन रेस्क्यू अभियान

शिवनाथ में बहे युवक का शव दो दिन बाद मिला

दुर्ग। गनियारी के शिवनाथ नदी तट पर पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवकों में से एक के बह जाने की घटना के बाद करीब दो दिन तक चले सर्च ऑपरेशन में SDRF को सफलता मिली। टीम ने लगातार तलाश के बाद नदी से 32 वर्षीय सहदेव महोबिया का शव बरामद कर लिया। शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सहदेव महोबिया निवासी खुर्सीपार अपने साथियों के साथ 6 सितंबर की शाम गनियारी स्थित शिवनाथ नदी के किनारे पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान वह नदी किनारे बर्तन धोने के लिए गया। अचानक पैर फिसलने से वह नदी में जा गिरा। तेज बहाव होने के कारण देखते ही देखते वह गहरे पानी में चला गया।

सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही SDRF दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मोटर बोट के साथ उपलब्ध आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को काफी चुनौती का सामना करना पड़ा।

6 सितंबर की शाम से शुरू हुआ अभियान 7 सितंबर तक लगातार जारी रहा। नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश करने के बाद टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया।

बरसात में नदी किनारे जाने से बचने की अपील

प्रशासन और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने लोगों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि उफनती नदियों, जलाशयों और गहरे पानी वाले स्थानों के पास जाने से बचें। तेज बहाव वाले जलस्रोतों में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।

मृतक की पहचान:

सहदेव महोबिया (32), पिता मुरली महोबिया, निवासी खुर्सीपार, भिलाई।