भारत का 20 साल का इंतजार खत्म, U-20 एशियन कप में पहुंचा: बांग्लादेश पर 3-0 की जीत के बाद मिला टिकट
सीरिया को हराने में नाकाम रहा, उज्बेकिस्तान; डेनी-विशाल-अरबाश के गोल से भारत ने किया क्वालिफिकेशन का दावा मजबूत
ताशकंद (ए)। भारतीय अंडर-20 फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन के साथ AFC U-20 एशियन कप के मुख्य दौर में अपनी जगह बना ली है। बांग्लादेश के खिलाफ 3-0 की जीत ने भारत को जरूरी 6 अंक दिलाए, लेकिन क्वालिफिकेशन का फैसला दूसरे मुकाबले पर निर्भर था। उज्बेकिस्तान ने सीरिया को 3-0 से हराया तो भारत सात सर्वश्रेष्ठ रनर-अप टीमों में शामिल होकर मुख्य टूर्नामेंट में पहुंच गया। भारत ने 2006 के बाद पहली बार इस स्तर पर जगह बनाई है।
क्वालिफाइंग राउंड में भारत के सामने आखिरी चुनौती बांग्लादेश की थी। तीन अंकों के लिए मैदान में उतरी भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। लगातार दबाव का फायदा 25वें मिनट में मिला, जब डेनी मैतेई लैशराम ने गोल कर भारत को बढ़त दिलाई।
पहले गोल के बाद भारतीय टीम ने मौके बनाना जारी रखा। 34वें मिनट में डेनी की फ्री-किक सीधे गोल की ओर गई, लेकिन बांग्लादेशी गोलकीपर ने बेहतरीन बचाव कर भारत को दूसरी बढ़त से रोक दिया।
दूसरे हाफ में भारत ने अपनी गति और दबाव दोनों बनाए रखे। 60वें मिनट में विशाल यादव ने शानदार कलाबाजी भरे फिनिश से स्कोर 2-0 कर दिया। लंबे थ्रो से शुरू हुए हमले में रिषिकांत ने गेंद विशाल तक पहुंचाई और उन्होंने मौके को गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।
आखिरी 15 मिनट में तीसरा गोल
बांग्लादेश ने दो गोल से पिछड़ने के बाद हमले तेज किए, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसके प्रयासों को बेअसर कर दिया। 72वें मिनट में कोच महेश गवली ने डेनी और विशाल की जगह मोहम्मद अरबाश और प्रशान जाजो को मैदान में उतारा।
मैदान पर उतरने के कुछ ही मिनट बाद अरबाश ने टीम की बढ़त 3-0 कर दी। याइफारेम्बा चिंगाकहम ने आक्रमण की शुरुआत की और लगातार पास के बाद गेंद अरबाश तक पहुंची। उन्होंने बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर गेंद को गोल के ऊपरी हिस्से में पहुंचा दिया।
इसके बाद भारतीय टीम ने रक्षात्मक संतुलन बनाए रखा और मुकाबला 3-0 से अपने नाम कर लिया।
तीन मैच में दो जीत
भारत ने क्वालिफाइंग राउंड में तीन मैच खेले। पहले मुकाबले में सीरिया को 1-0 से हराया, जबकि दूसरे मैच में मेजबान उज्बेकिस्तान से 0-4 से हार मिली। आखिरी मैच में बांग्लादेश को हराकर भारत 6 अंकों तक पहुंचा।
उधर, उज्बेकिस्तान ने सीरिया को 3-0 से हराया। इसके बाद ग्रुप-B में उज्बेकिस्तान 9 अंक के साथ पहले, भारत 6 अंक के साथ दूसरे, सीरिया 3 अंक के साथ तीसरे और बांग्लादेश बिना अंक के चौथे स्थान पर रहा।
भारत ने सात सर्वश्रेष्ठ उपविजेताओं में जगह बनाकर मुख्य टूर्नामेंट में प्रवेश किया।
suntimes 