PF खाताधारकों के लिए आसान हुआ UAN बनाना: आधार से चेहरा स्कैन कर मोबाइल पर मिलेगा नंबर
उमंग ऐप पर शुरू हुई नई सुविधा; OTP के बाद फेस वेरिफिकेशन, पुराना UAN नहीं होने पर तुरंत जनरेट होगा नया नंबर
नई दिल्ली (ए)। EPFO से जुड़ने वाले कर्मचारियों के लिए UAN बनाने की प्रक्रिया अब मोबाइल से ही पूरी की जा सकेगी। उमंग ऐप पर शुरू की गई नई सुविधा में आधार नंबर और मोबाइल OTP के बाद फेस ऑथेंटिकेशन से पहचान सत्यापित होगी। सिस्टम यह भी जांचेगा कि कर्मचारी के आधार से पहले कोई UAN जुड़ा है या नहीं। रिकॉर्ड नहीं मिलने पर वेरिफिकेशन पूरा होते ही नया UAN जनरेट किया जाएगा।
EPFO ने PF खाताधारकों को डिजिटल सुविधा देते हुए UAN अलॉटमेंट और एक्टिवेशन की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है। अब कर्मचारियों को UAN बनवाने के लिए किसी कार्यालय या मैनुअल सत्यापन प्रक्रिया के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा।
नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी उमंग ऐप में जाकर 'UAN Allotment and Activation' विकल्प चुनेंगे। आधार नंबर और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर की जानकारी दर्ज करने के बाद OTP के जरिए शुरुआती सत्यापन होगा।
इसके बाद EPFO का सिस्टम आधार से जुड़े पुराने UAN की जानकारी तलाशेगा। यदि कोई UAN पहले से मौजूद नहीं है, तो आवेदक को फेस ऑथेंटिकेशन के चरण में भेजा जाएगा। यहां Aadhaar Face RD ऐप के माध्यम से चेहरे का स्कैन होगा।
फेस स्कैन से होगी पहचान की पुष्टि
फेस ऑथेंटिकेशन सफल रहने पर आधार से जुड़ी पहचान की पुष्टि हो जाएगी। इसके बाद सिस्टम नया UAN तैयार करेगा और उसकी जानकारी कर्मचारी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी।
इस सुविधा से खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जो पहली बार नौकरी शुरू करने के बाद EPF व्यवस्था में शामिल हो रहे हैं। आधार और मोबाइल लिंक होने के कारण पूरी प्रक्रिया डिजिटल तरीके से पूरी की जा सकेगी।
UAN मिलने के बाद ये काम भी होंगे
UAN एक्टिव होने के बाद कर्मचारी सिर्फ नंबर हासिल करने तक सीमित नहीं रहेंगे। मोबाइल से PF बैलेंस चेक करने, पासबुक डाउनलोड करने, क्लेम की स्थिति देखने और KYC संबंधी जानकारी अपडेट करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
EPFO की इस पहल का उद्देश्य PF से जुड़ी सेवाओं को ज्यादा सरल और सुलभ बनाना है, ताकि कर्मचारियों को छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
suntimes 