सूर्यघर योजना को मिली नई रफ्तार, शून्य बिजली बिल वाले परिवारों का हुआ सम्मान

50 फीसदी घरों में सोलर लगाने वाले वार्ड और पंचायत को मिलेंगे 10 लाख के विकास कार्य, जिले में 20 हजार सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य

सूर्यघर योजना को मिली नई रफ्तार, शून्य बिजली बिल वाले परिवारों का हुआ सम्मान

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राजनांदगांव में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। 'सूर्यसभा' कार्यक्रम में शून्य बिजली बिल हासिल करने वाले परिवारों को सम्मानित किया गया, वहीं सोलर संयंत्रों की संख्या बढ़ाने और अधिक से अधिक घरों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए नई घोषणाएं भी की गईं।

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में सौर ऊर्जा के विस्तार को लेकर मंगलवार को आयोजित 'सूर्यसभा' कार्यक्रम में शून्य बिजली बिल प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। स्पीकर हाउस में आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान घोषणा की गई कि जिन नगर निगम वार्डों अथवा ग्राम पंचायतों के 50 प्रतिशत घरों में सोलर संयंत्र स्थापित हो जाएंगे, वहां 10 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्य स्वीकृत किए जाएंगे। ऐसे क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

जिले में वर्तमान में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 13,500 सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है। प्रशासन ने अगले एक वर्ष में इसे बढ़ाकर 20 हजार संयंत्र तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 8,300 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 4,117 घरों में सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें 1,200 से अधिक परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है। इस उपलब्धि के साथ राजनांदगांव प्रदेश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट क्षमता तक के संयंत्र पर 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त शेष राशि के लिए आसान बैंक ऋण की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं के लिए सोलर ऊर्जा अपनाना और आसान हो सके।

कार्यक्रम में बताया गया कि सौर ऊर्जा के उपयोग से न केवल बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आएगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन घटने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। अनुमान है कि योजना से जुड़ने वाले परिवार अगले 25 वर्षों तक बिजली बिल में बड़ी बचत का लाभ उठा सकेंगे।

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पद्मश्री फूलबासन यादव, कलेक्टर जितेंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।