पेट्रोल पंप पर सनसनी: सिगरेट से रोके जाने पर युवक ने नोजल में लगाई आग
रायपुर के उरला थाना क्षेत्र की घटना; सीसीटीवी में कैद हरकत, दो आरोपी गिरफ्तार
राजधानी रायपुर में पेट्रोल पंप पर लापरवाही और गुस्से का खतरनाक मिश्रण बड़ा हादसा बन सकता था। सिगरेट पीने से रोके जाने पर भड़के एक युवक ने पेट्रोल नोजल में लाइटर से आग लगा दी, जिससे बाइक की टंकी तक लपटें पहुंच गईं। पंप कर्मचारियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
रायपुर। उरला थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सिगरेट जलाने से रोके जाने पर एक युवक ने खतरनाक कदम उठा लिया। जानकारी के अनुसार युवक अपने साथी के साथ पंप पर पहुंचा था। इसी दौरान उसने सिगरेट जलाने की कोशिश की, जिसे पंप कर्मचारियों ने तत्काल रोक दिया।
बताया जा रहा है कि मना किए जाने पर युवक गुस्से में आ गया और उसने लाइटर से पेट्रोल नोजल पाइप में आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटें पेट्रोल भरवा रहे उसके साथी की बाइक की टंकी तक पहुंच गईं।
घटना के दौरान युवक कुछ पल तक वहीं खड़ा रहा, लेकिन जैसे ही आग भड़कने लगी, वह मौके से भाग निकला। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया।
कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आग लगते ही बाइक सवार और पंप कर्मियों ने जान बचाने के लिए दूरी बना ली। हालांकि कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था।
पुलिस की कार्रवाई
पंप मैनेजर की शिकायत पर उरला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। इस घटना ने एक बार फिर पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा नियमों के पालन की अनिवार्यता को रेखांकित किया है
suntimes 