अमेरिकी हमले के बाद ईरान का पलटवार, जॉर्डन-बहरीन में सैन्य ठिकानों पर अटैक

ईरान का दावा- सिरिक में शादी समारोह के दौरान गिरी मिसाइल, 5 की मौत और 68 घायल; खुजस्तान में भी 7 लोगों की जान गई

अमेरिकी हमले के बाद ईरान का पलटवार, जॉर्डन-बहरीन में सैन्य ठिकानों पर अटैक

वॉशिंगटन/तेहरान (ए)। अमेरिका और ईरान के बीच टकराव अब और तेज होता दिख रहा है। तीन दिन के भीतर दूसरी बार अमेरिकी हमले की खबर के बाद ईरान ने जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमला करने का दावा किया है। इससे पहले ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिकी हमलों में सिरिक में चल रहे शादी समारोह को भी नुकसान पहुंचा, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई।

अमेरिकी सेना ने मंगलवार रात ईरान के कई इलाकों में सैन्य कार्रवाई की। ईरानी सूत्रों के अनुसार, सिरिक, खुजस्तान, केश्‍म द्वीप और बंदर अब्बास में मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए गए। ईरान का आरोप है कि इन हमलों में सैन्य ठिकानों के साथ नागरिक इलाके भी प्रभावित हुए।

सिरिक में हुए हमले को लेकर ईरान ने गंभीर दावा किया है। उसके मुताबिक, एक शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिरने से पांच लोगों की मौत हुई और 68 लोग घायल हो गए। मृतकों में चार साल का एक बच्चा भी शामिल बताया गया है। घटना के बाद अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों के वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं।

खुजस्तान प्रांत में भी अमेरिकी हमले से नुकसान होने की बात कही गई है। ईरानी पक्ष के अनुसार, यहां सात लोगों की मौत हुई और आठ अन्य घायल हुए। हालांकि, अमेरिका ने इन हमलों को सैन्य कार्रवाई बताते हुए कहा है कि उसके निशाने पर ईरान के सैन्य प्रतिष्ठान थे।

अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान ने जवाबी कदम उठाया। ईरान की ओर से दावा किया गया कि जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए। इन हमलों में भी कई लोगों के हताहत होने की जानकारी दी गई है।

अमेरिका और ईरान के बीच लगातार हो रही सैन्य कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। दोनों देशों के बीच हमलों और जवाबी हमलों का यह सिलसिला आगे किस दिशा में जाता है, इस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।