‘ऑपरेशन आघात’ में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही थी डेढ़ करोड़ से अधिक की खेप, दो लग्जरी कार समेत 1.86 करोड़ की संपत्ति जब्त
नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान 300 किलो गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में दो लग्जरी वाहन, मोबाइल फोन सहित कुल 1.86 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार पर प्रहार करते हुए रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। लैलूंगा थाना पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप पकड़कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो लग्जरी कारें और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लैलूंगा क्षेत्र में घेराबंदी कर नाकेबंदी की गई थी। इसी दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच में एक इनोवा और एक एक्सएल-6 कार को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहनों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी को छिपाने के लिए इनोवा वाहन में डबल नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलरामपुर निवासी निखिल कश्यप (23), सरगुजा निवासी रिंकु कश्यप (28) तथा मध्यप्रदेश के अनूपपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार मौर्य (27) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा सप्लाई चेन और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस अब ओडिशा से मध्यप्रदेश तक फैले तस्करी नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है। इसके लिए विशेष टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया है, जो इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और तस्करी के स्रोतों की जांच करेगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गांजा, नशीली दवाओं और अवैध शराब के कारोबार में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस हर स्तर पर काम कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
suntimes 