छत्तीसगढ़ में मानसून का असर बरकरार! मौसम विभाग ने अगले 7 दिन के लिए जारी किया बारिश का अपडेट

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।

छत्तीसगढ़ में मानसून का असर बरकरार! मौसम विभाग ने अगले 7 दिन के लिए जारी किया बारिश का अपडेट

छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना है। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे तक मानसून का सबसे ज्यादा असर प्रदेश के उत्तरी जिलों में देखने को मिल सकता है।

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में भारी बारिश का दूसरा दौर जारी था। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह दौर अगले एक-दो दिनों में कमजोर पड़ सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान मानसूनी गतिविधियां मुख्य रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ तक सीमित रहीं, जहां कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने दिनभर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कुछ दिनों तक हल्की रहेगी बारिश

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। भारी बारिश का दायरा सीमित रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आ सकती है। हालांकि इसके बाद बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम तंत्र (सिस्टम) बनने के संकेत हैं। यदि यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ता है तो छत्तीसगढ़ में एक बार फिर अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं-

प्रतापपुर – 11 सेमी

लवन – 7 सेमी

बलौदाबाजार – 7 सेमी

मनोरा – 6 सेमी

दरगी – 5 सेमी

ओडगी – 5 सेमी

पलारी – 5 सेमी

माना (रायपुर) – 5 सेमी

इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। इन जिलों में 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है: गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट

वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हलकी वर्षा के आसार हैं. इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।