तीन दिन की खामोशी के बाद फिर बरसेंगे बदरा, यूपी का सिस्टम छत्तीसगढ़ में बढ़ाएगा बारिश
राजनांदगांव में 33° रहा दिन का पारा; अगले 48 घंटे कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली का भी अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिलहाल सुस्त नजर आ रहा है, लेकिन यह ब्रेक ज्यादा लंबा नहीं रहने वाला। उत्तर प्रदेश में बने लो-प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर बारिश का सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बौछारों का अनुमान जताया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी रहेगी।
पिछले कुछ दिनों से बारिश कम होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दूसरी ओर पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री दर्ज किया गया।
आज भी कुछ जगह बरस सकते हैं बादल
मंगलवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले 48 घंटे में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने का जोखिम भी रहेगा। हालांकि, फिलहाल किसी जिले के लिए अलग से चेतावनी जारी नहीं की गई है।
सामान्य से 4% कम बारिश
प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक कुल बारिश सामान्य औसत से करीब 4 प्रतिशत कम रही है। मौसम के अगले दो दिनों के बदलाव से बारिश के आंकड़े में कुछ सुधार आने की उम्मीद है। मौसम विभाग की नजर अब उत्तर प्रदेश में बने सिस्टम की आगे की दिशा और उसकी सक्रियता पर है।
suntimes 