देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर, उत्तराखंड में 12 मौतें; चित्रकूट में रामघाट डूबा

बिहार में गंगा-पुनपुन खतरे के पार, यूपी में गंगा एक्सप्रेसवे पर 7 फीट गड्ढा; बलिया में 20 हजार लोग बाढ़ की चपेट में

देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर, उत्तराखंड में 12 मौतें; चित्रकूट में रामघाट डूबा

नई दिल्ली (ए)। मानसून की सक्रियता से उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में हालात बिगड़ गए हैं। उत्तराखंड में तीन दिन से हो रही बारिश के बीच हादसों में 12 लोगों की मौत हुई है। बिहार में नदियों के उफान से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। उधर, उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण गंगा एक्सप्रेसवे फिर क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि मध्य प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी के बढ़े जलस्तर ने रामघाट के बाजार और होटल क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

उत्तराखंड में बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार तीसरे दिन भी कई क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर जारी रहा। मंगलवार को बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत की सूचना है।

नैनी झील का जलस्तर 88 फीट से ऊपर पहुंचने के बाद जलनिकासी के चैनल खोल दिए गए। बारिश और भूस्खलन के चलते राज्य में 172 सड़कें बंद हैं। नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। एहतियात के तौर पर पांच जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

बिहार में बाढ़ का बढ़ा खतरा

बिहार में गंगा और पुनपुन सहित कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। पटना में बुधवार सुबह से बारिश हो रही है। इससे पहले मंगलवार को हुई तेज बारिश ने राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी थी।

भागलपुर में गंगा के कटाव की चपेट में आया करीब एक सदी पुराना दुर्गा मंदिर नदी में समा गया। नदी किनारे बसे इलाकों में जलस्तर बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ी हुई है।

यूपी में बारिश से हादसे

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में भारी बारिश के दौरान दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। गाजीपुर में गंगा नदी में नहाते समय दो नाबालिग बह गए। वहीं उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर बारिश के बाद करीब सात फीट गहरा गड्ढा बन गया।

एक्सप्रेसवे के धंसने की इस मानसून में यह दूसरी घटना बताई जा रही है। बलिया में बाढ़ के कारण करीब 20 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।

एमपी में नदी का रौद्र रूप

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से कई संभागों में भारी बारिश हो रही है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर में बारिश का असर दिखाई दे रहा है।

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। नदी का पानी रामघाट की करीब 400 दुकानों और 20-25 होटलों तक पहुंच गया, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ है। स्थिति को देखते हुए सतना जिले में 2 और 3 सितंबर को स्कूल, कॉलेज तथा आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।