त्योहारों पर हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं, रायपुर पुलिस ने 10 पर कसा शिकंजा

गुढ़ियारी में चाकू के साथ युवक दबोचा, उरला में शराब का मामला दर्ज; तीन थाना क्षेत्रों में 8 बदमाशों को पाबंद किया

त्योहारों पर हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं, रायपुर पुलिस ने 10 पर कसा शिकंजा

रायपुर। त्योहारों के दौरान शहर में अमन-चैन कायम रखने रायपुर पुलिस ने अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खम्हारडीह, उरला, पंडरी, गुढ़ियारी और खमतराई में की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 10 लोगों को निशाने पर लिया। इनमें हथियार लेकर घूम रहा एक युवक गिरफ्तार हुआ, एक के खिलाफ शराब बिक्री से जुड़ा मामला दर्ज किया गया, जबकि 8 लोगों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में पाबंद किया गया।

हथियार के साथ पकड़ाया

गुढ़ियारी क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवारी बाजार निवासी जुगनू साहू उर्फ गोलू को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। 35 वर्षीय आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 382/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई।

आबकारी एक्ट में कार्रवाई

उरला पुलिस ने अटल आवास निवासी राजू भारती (47) को शराब से जुड़े मामले में आरोपी बनाया है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 417/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।

तीन इलाकों में 8 पर कार्रवाई

पुलिस ने त्योहारों के दौरान किसी तरह का विवाद या उपद्रव न हो, इसके लिए पहले से ही बदमाशों की निगरानी शुरू कर दी है। खम्हारडीह में चार लोगों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पंडरी में दो और खमतराई में दो बदमाशों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत पाबंद किया गया।

पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

अभियान पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के नेतृत्व में चलाया गया। एसीपी उरला पूर्णिमा लामा तथा एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के मार्गदर्शन में थाना पुलिस की टीमों ने कार्रवाई की। पुलिस ने त्योहारों के दौरान विशेष गश्त, संदिग्धों की निगरानी और संवेदनशील इलाकों में चेकिंग बढ़ाने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।