लैब में ब्लड सैंपल छोड़ रील में जुटीं टेक्नीशियन, वायरल वीडियो के बाद तीनों की नौकरी गई

दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब का मामला; टेस्ट ट्यूब लेकर वीडियो बनाने पर नोटिस, जांच के बाद HLL ने लिया एक्शन

लैब में ब्लड सैंपल छोड़ रील में जुटीं टेक्नीशियन, वायरल वीडियो के बाद तीनों की नौकरी गई

दुर्ग-भिलाई। मरीजों के सैंपल की जांच वाली लैब में काम के बजाय रील बनाने का मामला सामने आने के बाद तीन महिला टेक्नीशियनों पर कार्रवाई हुई है। दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जवाब-तलब किया। जांच पूरी होने पर लैब संचालन करने वाली HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।

टेस्ट ट्यूब लेकर बनाया वीडियो

जानकारी के मुताबिक 24 अगस्त को तीन महिला टेक्नीशियनों ने लैब के अंदर वीडियो बनाए थे। इनमें एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करते हुए रील बनाई गई, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर मनोरंजन करते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा।

ड्यूटी के दौरान वीडियो बनाने पर उठे सवाल

मामला सामने आने पर सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम से जवाब मांगा। नोटिस में यह स्पष्ट करने को कहा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब में वीडियो बनाने की अनुमति कैसे मिली और उस समय कर्मचारियों की जिम्मेदारियां कौन संभाल रहा था। इसके बाद मामले की जांच की गई।

कंपनी ने खत्म की सेवाएं

लैब प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र भेजा। जांच के बाद कंपनी ने तीनों महिला टेक्नीशियनों की सेवाएं समाप्त कर दीं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो बनाने के दौरान मरीजों के सैंपल की जांच और लैब की कार्यप्रणाली प्रभावित हुई थी या नहीं।

पहले HIV रिपोर्ट को लेकर भी सवाल

अटल आरोग्य लैब की कार्यप्रणाली पर इससे पहले भी सवाल उठ चुके हैं। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। रिपोर्ट पर संदेह जताए जाने के बाद दोबारा जांच हुई, जिसमें परिणाम निगेटिव आया। मामले के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जानकारी तलब की थी और जांच मशीनों की स्थिति व कैलिब्रेशन की जांच के निर्देश दिए थे।

निशुल्क जांच सुविधा के लिए संचालित है लैब

छत्तीसगढ़ सरकार ने HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से अटल आरोग्य लैब योजना शुरू की है। इसके तहत लोगों को उन्नत स्वास्थ्य जांच की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराने का प्रावधान है। ऐसे में लैब में ड्यूटी के दौरान इस तरह की गतिविधि सामने आने के बाद प्रबंधन ने कार्रवाई की।