यूथ कांग्रेस नेता के घर के बाहर खड़ी कारों में बदमाशों ने लगाई भीषण आग, मचा हड़कंप,
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब यूथ कांग्रेस नेता के घर के बाहर खड़ी दो कारों को अज्ञात बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब यूथ कांग्रेस नेता के घर के बाहर खड़ी दो कारों को अज्ञात बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। आगजनी का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यूथ कांग्रेस नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के निवास के बाहर खड़े दो चार पहिया वाहनों को कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने पहले वाहनों पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और उसके बाद आग लगा दी। देखते ही देखते दोनों गाड़ियां आग की लपटों में घिर गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आगजनी की आशंका जताई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम भी गठित की गई है।
पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
इधर यूथ कांग्रेस नेता ने घटना को सुनियोजित साजिश बताते हुए पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राजधानी में इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश देखा जा रहा है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं से डीडीनगर थाने पहुंचने का आह्वान किया गया है। महादेव घाट रोड स्थित थाने में दोपहर 12 बजे प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है और इसमें कौन-कौन शामिल हैं।
suntimes 