शिव बारात में खून, फिर चला बुलडोजर: मुख्य आरोपी के अवैध होटल पर निगम की कार्रवाई
दुर्ग-भिलाई | दुर्ग शहर में शिवजी की बारात के दौरान हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध होटल पर बुलडोजर चला दिया। मोहन नगर क्षेत्र में स्थित इस अवैध निर्माण को शुक्रवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने ध्वस्त कर अतिक्रमण मुक्त कराया।
शिव बारात में पुरानी रंजिश बनी खूनी वारदात
घटना 16 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्ति नगर चौक, मानस भवन के पास शिवजी की बारात निकाली जा रही थी। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि मनीष देशमुख उर्फ पाडू और उसके साथियों ने क्षय कुमार गोड उर्फ नानू पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नानू को सिकोला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
7 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
मृतक के पिता शिव कुमार गोड की शिकायत पर मोहन नगर थाने में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 103, 109 और 3(5) BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सात आरोपियों की पहचान की। सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते हमला करना स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया गया है। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अवैध कब्जे पर प्रशासन सख्त, होटल किया ध्वस्त
जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष देशमुख ने शक्ति नगर चौक स्थित मानस भवन के पास शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर होटल बना रखा था।
पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर नगर निगम ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर शुक्रवार को बुलडोजर कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध होटल को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कानून का संदेश: अपराध और अतिक्रमण पर दोहरी कार्रवाई
इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती और अपराध के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
suntimes 