होली पर राजनांदगांव में ‘सुरक्षा कवच’: 700 जवान तैनात, ड्रोन से रखी जाएगी पैनी नजर
राजनांदगांव | रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने इस बार सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। 2 से 5 मार्च तक जिलेभर में विशेष सुरक्षा प्लान लागू रहेगा। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस बल अलर्ट मोड पर रहेगा और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
जिले को चार जोन में बांटकर बनाई रणनीति
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे जिले को चार प्रमुख जोनों—शहरी, अर्ध-शहरी, ग्रामीण और बॉर्डर क्षेत्र—में विभाजित किया गया है।
एसपी के नेतृत्व में 700 से अधिक अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर दंगा नियंत्रण बल और रिजर्व फोर्स को विशेष रूप से अलर्ट रखा गया है।
ड्रोन और CCTV से 24 घंटे निगरानी
तकनीकी निगरानी को प्राथमिकता देते हुए भीड़भाड़ वाले और चिन्हित संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से आसमान से नजर रखी जाएगी।
जिला मुख्यालय में 24×7 संचालित विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां राजपत्रित अधिकारी की निगरानी में सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
हुड़दंगियों पर सख्ती, बदमाशों की चेकिंग तेज
पुलिस ने पुराने बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत सघन चेकिंग कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों, ‘चखना सेंटरों’ और संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। होटल, लॉज और ढाबों की लगातार जांच की जा रही है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ट्रिपल राइडिंग करने वालों और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला सुरक्षा के लिए विशेष पेट्रोलिंग टीम
होली के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष महिला पेट्रोलिंग टीम का गठन किया है। छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
आपात स्थिति में सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 9479192100 और पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479192199 जारी किए गए हैं।
suntimes 