सूखे नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़! 13 किलो से ज्यादा गांजा सहित 2400 नशीली गोलियां बरामद, हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरफ्तार

सूखे नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़! 13 किलो से ज्यादा गांजा सहित 2400 नशीली गोलियां बरामद, हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरफ्तार

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कालीबाड़ी–नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए बड़ी सफलता हासिल की गई है।

छत्तीसगढ़ के रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कालीबाड़ी–नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए बड़ी सफलता हासिल की गई है। डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त रणनीति में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।

फुटकर विक्रेताओं की गिरफ्तारी से खुला नेटवर्क

24 फरवरी 2026 को सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने नेहरू नगर नरैय्या तालाब क्षेत्र में अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिले मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास बने एक हाइडआउट पर दबिश दी।

यह ठिकाना आधुनिक तकनीक से लैस मिला। मौके से लगभग 7 किलो 397 ग्राम गांजा, भारी मात्रा में प्लास्टिक पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद किए गए। आरोपी अब्दुल जाफर के खिलाफ पूर्व में 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं।

सरगना समेत दो गिरफ्तार

25/26 फरवरी की दरम्यानी रात एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुख्यात सरगना मुकेश बनिया और उसका भाई संजू को पकड़ा गया। तलाशी में दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 2400 नग अल्प्राजोलम नशीली गोलियां और मोबाइल फोन बरामद हुए।

लंबा आपराधिक इतिहास

मुख्य आरोपी मुकेश बनिया के विरुद्ध 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, गुंडागर्दी, बलवा, मारपीट, अवैध शराब बिक्री, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के गंभीर अपराध शामिल हैं। वह लंबे समय से फरार रहकर खुद को माफिया बताता था और क्षेत्र में दहशत फैला रहा था। संजू के खिलाफ भी 15 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी के मामले शामिल हैं।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी) एनडीपीएस एक्ट और धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया है। मामले की विवेचना जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों तथा सप्लाई चेन की पतासाजी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सूखे नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।